संयुक्त राष्ट्र दो भारतीय शांति सैनिकों को मरणोपरांत डैग हैमरस्कोल्ड पदक से सम्मानित करेगा

संयुक्त राष्ट्र, 29 मई (वार्ता) संयुक्त राष्ट्र वैश्विक शांति की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले दो भारतीय शांति सैनिकों, ब्रिगेडियर अमिताभ झा और हवलदार संजय सिंह को मरणोपरांत प्रतिष्ठित डैग हैमरस्कोल्ड मेडल से सम्मानित करेगा।

ब्रिगेडियर झा को सीरिया की गोलान पहाड़ियों में नाजुक संघर्ष विराम व्यवस्था की देखरेख करते हुए संयुक्त राष्ट्र डिसइंगेजमेंट पर्यवेक्षक बल (यूएनडीओएफ) से जोड़ा गया था, जबकि हवलदार सिंह को कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य (मोनुस्को) में संयुक्त राष्ट्र स्थिरीकरण मिशन के साथ तैनात किया गया था, जहां उन्होंने संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों को स्थिर करने के लिए काम किया था।

ये पदक गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों के अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर न्यूयॉर्क के संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में एक समारोह में प्रदान किए जाएंगे। संयुक्त राष्ट्र ध्वज के तहत सेवा करते हुए वर्ष 1948 से जान गंवाने वाले 4300 से अधिक शांति सैनिकों को सम्मानित करने के लिए समर्पित है।

वर्ष 1997 में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के संकल्प 1121 द्वारा स्थापित डैग हैमरस्कोल्ड पदक का नाम संयुक्त राष्ट्र के दूसरे महासचिव डैग हैमरस्कोल्ड के नाम पर रखा गया है, जो वर्ष 1961 में एक विमान दुर्घटना में शांति मिशन के दौरान शहीद हो गये थे। यह पदक प्रतिवर्ष सैन्य, पुलिस और नागरिक कर्मियों को दिया जाता है जो संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में सेवा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देते हैं।

संयुक्त राष्ट्र शांति मिशनों में सबसे बड़े योगदान कर्ताओं में से एक के रूप में भारत ने दशकों से 49 मिशनों में दो लाख से अधिक कर्मियों को तैनात किया है और पिछले वर्षों में कई भारतीय शांति सैनिकों को इस पदक से सम्मानित किया गया है।

Next Post

शांगरी-ला संवाद में भाग लेने सीडीएस सिंगापुर जाएंगे

Thu May 29 , 2025
नयी दिल्ली 29 मई (वार्ता) चीफ आफ डिफेंस स्टॉफ जनरल अनिल चौहान इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर स्ट्रेटजिक अफेयर्स द्वारा वार्षिक रूप से आयोजित शांगरी-ला संवाद के 22वें संस्करण में सम्मिलित होने के लिए 30 मई से एक जून तक सिंगापुर की यात्रा पर रहेंगे। जनरल अनिल चौहान अपने दौरे में आस्ट्रेलिया, […]

You May Like

मनोरंजन