नयी दिल्ली 29 मई (वार्ता) चीफ आफ डिफेंस स्टॉफ जनरल अनिल चौहान इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर स्ट्रेटजिक अफेयर्स द्वारा वार्षिक रूप से आयोजित शांगरी-ला संवाद के 22वें संस्करण में सम्मिलित होने के लिए 30 मई से एक जून तक सिंगापुर की यात्रा पर रहेंगे।
जनरल अनिल चौहान अपने दौरे में आस्ट्रेलिया, यूरोपीय संघ, फ्रांस, जर्मनी, इंडोनेशिया, जापान, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, फिलीपींस, सिंगापुर, ब्रिटेन और अमेरिका सहित कई देशों के रक्षा बलों के प्रमुखों और वरिष्ठ सैन्य नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
जनरल चौहान शैक्षणिक जगत, थिंक टैंक और शोधकर्ताओं के एक कार्यक्रम में “भविष्य के युद्ध और युद्धकला” विषय पर संबोधन प्रदान करेंगे। इसके साथ ही जनरल चौहान कार्यक्रम के भाग के रूप में विशेष सत्रों में भी भागीदारी करेंगे और “भविष्य की चुनौतियों के लिये रक्षा नवाचार समाधान” विषय पर विचार व्यक्त करेंगे।
शांगरी-ला संवाद रक्षा और सुरक्षा विषय पर एशिया का प्रतिष्ठित शिखर सम्मेलन है, जो दुनिया भर से रक्षा मंत्रियों, सैन्य प्रमुखों, नीति निर्माताओं और रणनीतिक विशेषज्ञों को एक मंच पर एकत्र करता है।
समारोह में 40 देशों से अग्रणी व्यक्ति एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा चुनौतियों पर संबोधन करेंगे। यह सम्मेलन रक्षा सहयोग को सशक्त करने, आपसी सुरक्षा हितों पर विचार करने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत की रणनीतिक भागीदारी को बढ़ाने के लिए एक मंच प्रदान करेगा।
