सिंगरौली : जिला मुख्यालय बैढ़न के गनियारी स्थित निर्माणाधीन शासकीय पीजी कॉलेज भवन का कलेक्टर गौरव बैनल ने निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। भवन का अधिकांश निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है तथा कुछ कार्य शेष हैं। कलेक्टर ने कहा कि गनियारी स्थित पीजी कॉलेज परिसर को विद्यार्थियों के लिए एक समग्र एवं आधुनिक शैक्षणिक परिसर के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। परिसर में मल्टी-पर्पज हॉल का निर्माण किया जा रहा है, जिसका उपयोग बैडमिंटन सहित विभिन्न खेल गतिविधियों के साथ-साथ सेमिनार, शैक्षणिक कार्यक्रम एवं अन्य आयोजनों के लिए किया जा सकेगा। कलेक्टर गौरव बैनल की पहल से एनसीएल सीएसआर के माध्यम से 400 सीटर ऑडिटोरियम की स्वीकृति कराई गई है। इसी परिसर में बनने वाले इस ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को बड़े स्तर पर शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधा उपलब्ध होगी।
आसपास के अतिक्रमण को हटाने के निर्देश
कॉलेज परिसर के भविष्य के विकास की योजना के तहत विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी एवं आधुनिक लाइब्रेरी विकसित करने का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है। इस प्रकार कॉलेज भवन के साथ मल्टी-पर्पज हॉल, 400 सीटर ऑडिटोरियम एवं भविष्य में प्रस्तावित लाइब्रेरी सहित विभिन्न सुविधाओं को एक ही परिसर में विकसित करने की योजना है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विकास कार्यों में बाधक आसपास के अवैध अतिक्रमणों को नियमानुसार सख्ती से हटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि निर्माण एवं आगामी विकास कार्य निर्बाध रूप से आगे बढ़ सके। उन्होंने कहा कि गनियारी का यह परिसर आने वाले समय में विद्यार्थियों के लिए बेहतर शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं अध्ययन की सुविधाओं से युक्त एक आधुनिक कॉलेज कैंपस के रूप में विकसित किया जाएगा।
