
ग्वालियर। अशोकनगर के कांग्रेस विधायक हरिबाबू राय ने अपने ही निजी पीए को रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। विधायक के पीए मनोज नामदेव ने स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ महिला सीएचओ (कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर) का ट्रांसफर करवाने के एवज में 50 हजार रुपए मांगे थे।
महिला अधिकारी का भाई उसे 30 हजार रुपए पहले ही दे चुका था, जब वह गुरुवार को बाकी के 20 हजार रुपए देने आया तो विधायक को इस बात की जानकारी मिली। जिसके बाद ये पूरा मामला सामने आया। पीए मनोज नामदेव की ओर से घूस लेने की जानकारी किसी ने विधायक को कॉल पर दे दी थी। जैसे ही अंकित जाटव बचे हुए 20 हजार रुपए लेकर आया। इसी दौरान विधायक हरीबाबू राय ने उसे अपने पास बुलाया और पूछताछ की। उन्होंने अंकित से पूछा कि पैसे किसके लिए और किसने मांगे, तो युवक ने स्पष्ट रूप से पीए मनोज नामदेव का नाम लिया। विधायक ने मौके पर ही पीए मनोज को बुलवाया। शुरुआत में मनोज पैसे लेने से साफ मुकर गया। लेकिन जब युवक ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और सख्ती हुई, तो मनोज ने पैसे लेने की बात स्वीकार कर ली। विधायक हरीबाबू राय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपने ही पीए पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में कलेक्टर को लिखित शिकायत भेजी है। विधायक के हस्तक्षेप के बाद लिए गए पैसे वापस करा दिए गए हैं।
