तेहरान, 29 मई (वार्ता) ईरान ने यमन में साना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इजरायली हवाई हमलों की निंदा की है।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता एस्माईल बाघई ने कल रात जारी बयान में हमलों को इजरायल की ‘यमन और पश्चिम एशिया क्षेत्र के मुस्लिम लोगों के प्रति क्रूरता और शत्रुता’ का प्रतीक बताया। हूती द्वारा संचालित अल-मसीरा टीवी के अनुसार कल सुबह इजरायली लड़ाकू विमानों ने साना हवाई अड्डे के रनवे और यमनिया एयरलाइंस के विमान को निशाना बनाकर चार हमले किये, जिससे यमन का आखिरी बचा वाणिज्यिक विमान नष्ट हो गया। उन्होंने कहा कि इजरायल के हमलों का उद्देश्य सऊदी अरब के शहर मक्का में आसन्न हज यात्रा के लिए यमनी तीर्थयात्रियों को जाने रोकना था। यह एक बड़ा अपराध है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय, विशेष रूप से अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन से स्थिति पर तत्काल और गंभीर ध्यान देने का आह्वान किया।
उन्होंने यमन के आर्थिक बुनियादी ढांचे, बंदरगाहों, हवाई अड्डों और खाद्य गोदामों सहित नागरिक सुविधाओं के खिलाफ इजरायल की ओर से किये जा रहे हमलों निंदा की और हमलों को ‘युद्ध अपराधों और मानवता के खिलाफ अपराधों के स्पष्ट उदाहरण’ बताया।
श्री बाघई ने कब्जे वाले फिलिस्तीनी क्षेत्रों में और क्षेत्र के अन्य देशों के खिलाफ इजरायल के ‘कानून तोड़ने और अपराधों’ के लिए उसे जिम्मेदार ठहराने के लिए पश्चिम एशिया और दुनिया के सभी देशों की कानूनी और नैतिक जिम्मेदारी का उल्लेख किया।
गौरतलब है कि हूती समूह नवंबर 2023 से इजरायली ठिकानों पर हमले कर रहा है, जिसे वह गाजा में फिलिस्तीनियों के साथ एकजुटता के रूप में वर्णित करता है।
समूह ने कहा है कि वह अपने सैन्य अभियान तभी रोकेगा जब इजरायल अपना सैन्य अभियान और गाजा की नाकाबंदी समाप्त कर देगा। इजरायल ने यमन के ठिकानों पर कई बड़े हवाई हमलों के साथ जवाब दिया है।
दो सप्ताह पहले, इजरायली बलों ने सना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हमला किया, जिससे यह अस्थायी रूप से निष्क्रिय हो गया।
