मुंबई, 18 जुलाई (वार्ता) आमिर खान प्रोडक्शंस की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंटवारा 1947’ का नया टीजर रिलीज हो गया है। फिल्म का मोशन पोस्टर और कैरेक्टर पोस्टर्स पहले ही चर्चा बटोर चुके हैं। अब जारी नए टीजर में बंटवारे के दौर की त्रासदी, साहस, बलिदान और इंसानी जज्बे की झलक देखने को मिलती है। टीजर में सनी देओल एक ऐसे निडर व्यक्ति के किरदार में नजर आते हैं, जो विषम परिस्थितियों के बीच अपने परिवार की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ा रहता है। नफरत और हिंसा के माहौल में उनका किरदार साहस और मानवता का संदेश देता दिखाई देता है। रोमांच से भरपूर यह टीजर भारतीय इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण और दर्दनाक अध्यायों में से एक, देश के विभाजन, की झलक प्रस्तुत करता है।
फिल्म में शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फज़ल और अभिमन्यु सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस फिल्म के साथ करीब तीन दशक बाद निर्देशक राजकुमार संतोषी और सनी देओल की जोड़ी फिर साथ आई है। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान ने दिया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फिल्म का निर्माण आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले किया है।
‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

