
मंडला। बुधवार शाम करीब चार बजे एक तेज रफ्तार जबलपुर की तरफ से मंडला जा रहे पिकअप वाहन ने पैदल जा रहे कुड़ामैली निवासी प्यारे यादव पिता रामप्रसाद यादव 60 वर्ष को टक्कर मार दी। हादसे में प्यारे लाल गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर 108 एम्बुलेंस और टिकरिया पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज भेजा गया। जहां चिकित्सक ने जांच परीक्षण किया। चिकित्सक राजेश अहिरवार ने बताया कि घायल प्यारे यादव के सिर में गंभीर चोट आई है। जिसके कारण प्यारे लाल के दोनों कानों से खून का स्त्राव हो रहा है। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण प्यारे यादव की स्थिति गंभीर है। जिसे ड्रेसर संत लाल ने तत्काल खून का स्त्राव रोकने प्राथमिक उपचार करते हुए तत्काल उच्च स्वास्थ्य उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल रैफर कर दिया।
बताया गया कि घटना स्थल पर टिकरिया पुलिस पहुंची जहां वाहन की लोकेशन प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया। तत्काल पिकअप वाहन का पीछा किया गया और थोड़ी ही दूर में जाकर वाहन को पकड़ लिया गया। बताया गया कि वाहन जबलपुर का है। जिसे पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में ले लिया है। मामला दर्ज कर टिकरिया पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
