भाजपा सरकार 100 दिन में ही हर क्षेत्र में फेल: आतिशी

नयी दिल्ली, 28 मई (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को कहा कि कि दिल्ली की जनता को बड़े-बड़े सपने दिखाकर सत्ता में आयी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने 100 दिन के कार्यकाल में पूरी तरह से विफल साबित हुई है।

आप की वरिष्ठ नेता एवं नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने एक्स पर कहा , “भाजपा की दिल्ली सरकार के 100 दिन पूरे होने वाले हैं। बिजली, पानी, स्कूल, जल-भराव- हर पक्ष में सरकार फेल है। हम शुक्रवार को भाजपा की दिल्ली सरकार का 100 दिन का रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगे।”

आप के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा है कि उनकी पार्टी दिल्ली में भाजपा सरकार के 100 दिन का लेखा-जोखा शुक्रवार को जनता के सामने रखने जा रही है। उन्होंने दिल्ली की जनता से अपील करते हुए कहा कि आप भी रिपोर्ट कार्ड में शामिल करने के लिए अपने सुझाव भेज सकते हैं।

आप का कहना है कि भाजपा सरकार के 100 दिन के कार्यकाल में दिल्ली की जनता को लंबे-लंबे पावर कट से जूझना पड़ा है। पावर कट का सिलसिला जारी है, जबकि अभी भीषण और उमस भरी गर्मी का दौर शुरू होने वाला है। आप की सरकार में दिल्लीवालों को 24 घंटे बिजली और सबसे सस्ती बिजली मिलती थी, लेकिन भाजपा ने सत्ता में आते ही बिजली भी महंगी कर दी है। आप की सरकार में शिक्षा माफिया का खात्मा हो चुका था, लेकिन भाजपा के आते ही प्राइवेट स्कूलों ने मनमाने तरीके से 30 से 80 फीसद तक फीस बढ़ा दी है।

आप ने कहा कि भाजपा सरकार में जल संकट गहराता जा रहा है। कई इलाकों में पानी नहीं आ रहा है, जहां आ भी रहा है तो गंदा पानी आ रहा है। टैंकर माफिया को बढ़ावा दिया जा रहा है। भाजपा सरकार के इन 100 दिनों में दिल्ली ने यह भी देखा कि कई बार एक्यूआई 500 के पार पहुंच गया। इससे पहले गर्मी के दिनों में कभी भी एक्यूआई 500 के पार नहीं पहुंचा था।

Next Post

जातीय जनगणना कराने का फैसला क्रांतिकारी: धनखड़

Wed May 28 , 2025
नयी दिल्ली 28 मई (वार्ता) उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने जातीय जनगणना कराने के फैसले को क्रांतिकारी करार देते हुए कहा कि राजनीतिक और भौगोलिक परिवर्तन के उद्देश्य से किए गए सुनियोजित जनसांख्यिकीय परिवर्तन सामाजिक और सांस्कृतिक संतुलन बिगाड़ते हैं। श्री धनखड़ ने बुधवार को महाराष्ट्र के मुंबई मे अंतर्राष्ट्रीय जनसंख्या […]

You May Like