कनाडा से शराब, डेयरी उत्पादों और मोटरसाइकिलों के आयात पर अमेरिकी प्रतिबंध लागू

ओटावा, 29 सितंबर (वार्ता) अमेरिका और कनाडा के बीच जारी व्यापारिक तनाव के बीच शराब, डेयरी उत्पादों और कुछ चुनिंदा मोटरसाइकिलों सहित कनाडाई वस्तुओं के आयात पर अमेरिकी प्रतिबंध लागू हो गया है।

ट्रंप प्रशासन के लागू किये गये ये प्रतिबंध लगभग एक अरब डॉलर मूल्य की कनाडाई वस्तुओं को निशाना बनाते हैं, जिनमें शराब, डेयरी उत्पाद और मोटरसाइकिलें शामिल हैं। अमेरिकन एक्शन फोरम का अनुमान है कि प्रभावित कनाडाई आयात की व्यापक सूची लगभग 19.9 अरब डॉलर की है।

वर्ष 2025 में कनाडा के कुल शराब निर्यात का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा अमेरिका को किया गया था, जिसमें ओंटारियो प्रांत की बड़ी हिस्सेदारी थी। कनाडा ने पिछले वर्ष अमेरिका को लगभग 12 करोड़ (120 मिलियन) कनाडाई डॉलर मूल्य की करीब 5,000 मोटरसाइकिलों का निर्यात किया था, जिसका अर्थ यह है कि वाहनों पर प्रतिबंधों का आर्थिक प्रभाव सीमित रहने की संभावना है।

दोनों देशों के बीच व्यापार वार्ता बेपटरी होने के बाद कनाडा के इस महीने की शुरुआत में कई अमेरिकी सामान पर शुल्क लगाने के फैसले के जवाब में अमेरिका ने यह ताजा कार्रवाई की है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) जेमिसन ग्रीर ने कहा कि ये कदम अमेरिकी निर्यात के प्रति कनाडा के भेदभावपूर्ण रवैये का जवाब हैं। प्रतिबंधित उत्पादों में सीधे उपभोग के लिए पैक की गयी बीयर, साइडर, वाइन, व्हिस्की और वोदका शामिल हैं। इसके अलावा डेयरी उत्पाद, गुड़ तथा 800 सीसी से अधिक पेट्रोल इंजन वाली मोटरसाइकिलें और मोपेड शामिल हैं।

ह्वाइट हाउस ने सबसे पहले आठ सितंबर को हस्ताक्षरित कार्यकारी आदेशों में इन प्रतिबंधों की घोषणा की थी, जिसमें कनाडा पर अमेरिकी डेयरी, ऑटोमोटिव और शराब उत्पादों के खिलाफ “लगातार भेदभाव” करने का आरोप लगाया गया था। अमेरिका के जुलाई में घोषित और 22 अगस्त से लागू किये गये शुल्क उपायों के जवाब में कनाडा ने 8 सितंबर को चुनिंदा अमेरिकी सामान पर 15 फीसदी, 25 फीसदी या 50 फीसदी का जवाबी शुल्क लगाया था।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने संकेत दिया है कि ओटावा से फिलहाल अतिरिक्त जवाबी कदम उठाने की उम्मीद नहीं है। उन्होंने कनाडा पर अमेरिका के इन ताजा प्रतिबंधों के आर्थिक प्रभाव को ‘मामूली’ बताया है।

इस बीच, दोनों पक्षों के बीच बातचीत रुकी हुई है। श्री ग्रीर ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप कनाडा के साथ मौजूदा संबंधों से “सहज” हैं और अमेरिकी पक्ष की ओर से कोई नया समझौता करने की “कोई जल्दबाजी” नहीं है।

श्री ट्रंप ने कहा कि उन्हें अगले तीन से चार हफ्तों के भीतर कनाडा के साथ एक “निष्पक्ष सौदे” की उम्मीद है, हालांकि कनाडा के प्रति उनका कड़ा रुख बरकरार है। यह ताजा आयात प्रतिबंध दोनों देशों के बीच जारी विवाद को और बढ़ाता है, जिनकी अर्थव्यवस्थाएं एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हैं और दोनों के बीच सालाना सैकड़ों अरबों डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार होता है।

Next Post

बुजुर्ग यात्री को स्टेशन पर मिली ऑक्सीजन

Tue Sep 29 , 2026
जबलपुर। प्रयागराज से मुंबई एलटीटी जा रही गाड़ी संख्या 12294 में सफर कर रहे एक वृद्ध यात्री को ऑक्सीजन की जरूरत की सूचना मिलते ही जबलपुर रेल मंडल ने तत्काल सहायता उपलब्ध कराई। ट्रेन में मौजूद यात्री के लिए रेल मदद 139 के माध्यम से डॉक्टर कॉल प्राप्त हुआ था, […]

You May Like