
जबलपुर। प्रयागराज से मुंबई एलटीटी जा रही गाड़ी संख्या 12294 में सफर कर रहे एक वृद्ध यात्री को ऑक्सीजन की जरूरत की सूचना मिलते ही जबलपुर रेल मंडल ने तत्काल सहायता उपलब्ध कराई। ट्रेन में मौजूद यात्री के लिए रेल मदद 139 के माध्यम से डॉक्टर कॉल प्राप्त हुआ था, जिसमें ऑक्सीजन की आवश्यकता बताई गई।
सूचना मिलते ही मंडल ने अनन्या क्लिनिक से संपर्क कर ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था कराई और ट्रेन के जबलपुर पहुंचने से पहले आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गईं। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट निखिल शुक्ला और अनन्या क्लिनिक के अतुल राव ने यात्री को अटेंड किया तथा कोच ए-2 की बर्थ नंबर 43 तक ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचाकर आवश्यक सहायता दी। रेलवे स्टाफ और मेडिकल टीम के समन्वय से यात्री को समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध हो सकी। रेल मंडल द्वारा रेल मदद 139 के जरिए प्राप्त यात्रियों की स्वास्थ्य संबंधी सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई कर सहायता उपलब्ध कराने का सिलसिला जारी है।
