
रीवा, रीवा शहर के समान थाना क्षेत्र अंतर्गत रतहरा स्थित बाल संप्रेषण गृह में 17 वर्षीय किशोर ने आत्मघाती कदम उठा लिया है. घटना की सूचना के बाद हडक़ंप की स्थिति निर्मित हो गई. वहीं पुलिस सहित बाल संप्रेषण गृह के अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं और घटना के संबंध में जानकारी एकत्रित कर रहे है.
मिली जानकारी के अनुसार मृतक 17 वर्षीय किशोर सीधी जिले के अमिलिया का रहने वाला था जिसे कुछ दिनों पूर्व ही पास्को एक्ट के मामले में सीधी से रीवा के बाल संप्रेषण गृह में लाया गया था. बताया गया है की घटना से कुछ ही देर पहले किशोर ने अपने परिजनों से बात की थी जिसके बाद शाम तकरीबन 7 बजे जैसे ही सभी किशोर खाना खाने गए तो मृतक ने आत्मघाती कदम बेडरूम में उठा लिया. बताया गया है कि साथ में मौजूद बच्चों ने जब उसे खाना खाने चलने को बोला तो उसने कहा कि पेट में दर्द है और वह खाना नहीं खाएगा. जिसके बाद वह कमरे में अकेले मौजूद था. जब खाना खाकर अन्य किशोर वापस लौटे तो उन्होंने देखा कि इसकी मौत हो चुकी है जिसके बाद सूचना अधिकारियों को दी गई. मौके पर पुलिस सहित बाल संप्रेषण गृह के अधिकारी पहुंचे और पूरे मामले की जांच कर रहे हैं.
