दो करोड़ का तांबे का स्क्रैप जब्त, इंदौर के पांच आरोपी गिरफ्तार

उज्जैन: उज्जैन पुलिस ने तांबे के स्क्रैप के अवैध परिवहन के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच लोडिंग वाहन जब्त किए हैं। इन वाहनों में प्लास्टिक की बोरियों में भरा करीब 11 टन क्रिस्टलनुमा तांबे का चूरा मिला, जिसकी कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने पांचों वाहन चालकों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि वाहन चालक तांबे के स्क्रैप के संबंध में वैध बिल, बिल्टी और परिवहन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रणकेश्वर मंदिर के पास ब्रिज के नीचे तांबे के स्क्रैप से भरे कुछ वाहन खड़े हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो पांच टाटा एस लोडिंग वाहनों में प्लास्टिक की बोरियों में भरा तांबे का चूरा मिला। माल के संबंध में दस्तावेज मांगे जाने पर चालक कोई वैध कागजात नहीं दिखा सके और न ही माल के स्रोत के बारे में संतोषजनक जानकारी दे पाए।
पुलिस ने पांचों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) तथा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(1)(ई)/106 के तहत इस्तगासा क्रमांक 4/2026 दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। जब्त वाहन और स्क्रैप थाने में सुरक्षित रखवाए गए हैं। पुलिस अब तांबे के स्क्रैप के स्रोत और चोरी से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी पंवासा उप निरीक्षक गमर सिंह मंडलोई, चिमनगंज मंडी थाना इंचार्ज दिनेश भट, दिनेश सारोठिया, संतोष राव, प्रधान आरक्षक कपिल राठौर, पीयूष मिश्रा तथा आरक्षक आनंद मिश्रा, रवि पटेल, अभिषेक राठौर, भूपेश और जगदीश गेहलोत की भूमिका सराहनीय रही।

धर्मकांटे पर तौल, 16.5 टन निकला वजन

पुलिस ने चोरी का माल होने के संदेह में पांचों वाहनों सहित उनमें भरे स्क्रैप को जब्त कर लिया। इसके बाद वाहनों को सेंट पॉल स्कूल के पास स्थित हरिओम धर्मकांटे पर ले जाकर पंच साक्षियों की मौजूदगी में तौल कराया गया। पांचों वाहनों का माल सहित कुल वजन 16,575 किलोग्राम निकला। पुलिस के अनुसार, इसमें करीब 11 टन तांबे का स्क्रैप शामिल है। पुलिस ने मामले में सुरेश सोलंकी (44), राहुल चौहान (27), शंकर ढाला (43), रामकिशन पंवार (55) और विनायक राठौर (22) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी इंदौर के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं।

Next Post

कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा

Tue Oct 13 , 2026
मंदसौर: कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने मंगलवार को जिले के शिक्षा विभाग तथा जिला शिक्षा केंद्र के कार्यों की समीक्षा की बैठक लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि स्कूलों मे इंफ्रास्ट्रक्चर तथा बच्चों की सीखने की गुणवत्ता पर विशेष रूप से फोकस किया जाए। […]

You May Like

Play sound