
सीहोर। बुधवार की सुबह दुर्गा कालोनी स्थित मंगल भवन में खड़ी मारूति वैन धू- धूकर सुलग उठी. आसपास के लोगों ने वैन में उठती आग की लपटें देखकर पुलिस को सूचित किया. दमकल ने आकर आग पर काबू पाया. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया तो उसी मोहल्ले का सात वर्षीय बालक वैन में आग लगाता पाया गया. पुलिस बालक से पूछताछ करने थाने लेकर आई है. स्थानीय दुर्गा कालोनी निवासी सुमित राठौर आ. नवल राठौर वैन चालक हैं. वह अपनी वैन को मोहल्ले में बने मंगल भवन के परिसर में खड़ा करते थे. बताया जाता है कि बुधवार की सुबह अचानक उसमें से आग की लपटें उठने लगीं. लोगों ने जब वैन को आग से घिरा देखा तो पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वैन पूरी तरह जल चुकी थी. वैन मालिक सुमित राठौर ने बताया कि जब वह वैन में आग लगने का कारण जानने पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देख रहे थे तो पड़ोस में रहने वाला सात वर्षीय बालक बोतल से वैन पर कुछ छिड़कता नजर आया. इसके तुरंत बाद वैन में आग लग गई थी. सुमित ने मामले में थाना कोतवाली पुलिस से शिकायत की. पुलिस फिलहाल बालक को पूछताछ करने थाने लेकर आई है.
