
जबलपुर। जबलपुर से मंडला और कटनी रूट की ओर जाने वाली बसों का आवागमन शहर के अंदर से ही हो रहा था। जिसके चलते जिला योजना समिति की बैठक में लिए गए निर्णय एवं पुलिस अधीक्षक जबलपुर के अभिमत अनुसार जबलपुर से मंडला एवं जबलपुर से कटनी मार्ग पर चलने वाली यात्री बसें जो कि शहर के अंदर से संचालित हो रही है, को शहर के अंदर से संचालन बंद कर दिया गया है। जिसके चलते अब मोटरयान अधिनियम 1988 की धारा 115 सहपठित नियम 215 मध्यप्रदेश मोटरयान नियम 1994 के तहत यात्री बसों का शहर के अंदर से संचालन प्रतिबंधित किया है।
बाईपास से होकर जाएंगी बसें
जिला कलेक्टर द्वारा आदेश के अनुसार अब जबलपुर से मंडला की ओर जाने वाली बसें आई.एस.बी.टी.बस स्टेंड से पाटन बाईपास, अंधमुख बाईपास, तिलवाराघाट पुल, चूल्हा गोलाई, मानेगाँव, एकता मार्केट बरेला होते हुए मंडला की ओर जाएंगी। इसके अलावा जबलपुर से कटनी की ओर जाने वाली बसें आई.एस.बी.टी. बस स्टेंड से कटंगी बाईपास, खजरी खिरिया बाईपास से कटनी की ओर जाएंगी। यह आदेश आगामी एक माह के लिए तत्काल प्रभावशील होगा।
रोजाना बनती थी ट्रैफिक जाम की समस्या
उल्लेखनीय है कि आईएसबीटी दीनदयाल से मुख्यतः राज्य के अंदर अनेकों जिलों में जाने वाली बसों का आवागमन बाईपास की तरफ से होता है परंतु मंडला, निवास आदि की बसें रोजाना शहर के बीचों- बीच होते हुए गुजरती हैं। जिसके चलते शहर के अंदर जिन जगहों से इन बसों का आवागमन होता है, वहां पर ट्रैफिक जाम जैसी समस्या होना रोज का सर दर्द बना रहता है। साथ ही कई बार इन बसों के आवागमन से शहर के अंदर दुर्घटना होने की संभावना भी बनी रहती थी।
