सतना: सतना से चकदही के बीच चलने वाली नगर निगम की सूत्र सेवा को अज्ञात लोगों आग लगा दी। घटना शनिवार-रविवार की रात ढेड़ से दो बजे की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बस में सबसे पहले टायर में आग लगी। आग धीरे-धीरे बढ़ती हुई डीजल टैंक तक पहुंच गई। डीजल टैंक में आग लगने से तेज धमाका हुआ। धमाके से आसपास के लोग दहशत में आ गए।
जब तक दमकल पहुंची बस जलकर खाक हो चुकी थी। घंटना के संबंध में पंकज ट्रैवल्स के संचालक पंकज ने बताया कि बस क्रमांक-एमपी-19 पी 1399 रात में चकदही में खड़ी रहती है। अगले दिन सुबह 8 बजे वहां से सतना के लिए रवाना होती है। जिस दौरान आग में आग लगने की घटना हुई उस दौरान बस ड्राइवर नीरेश प्रजापति किसी कार्यक्रम में गया था, तो वहीं कंडक्टर विजय मल्लाह बस के बाहर सो रहा था।
इस संबंध में बताया जाता है कि जब से सिटी बसों का विस्तार ग्रामीण अंचलों तक हुआ है तब से स्थानीय आटो चालक आए दिन विवाद करते हैं। बीते दिनों भी इसी रूट के बस संचालन को लेकर आटो चालकों ने बस रोककर बखेड़ा खड़ा किया था। वहीं चकदही से सतना से तक बस का किराया 30 रुपये है। वहीं आटो चालक मनमाने ढंग से 50 से 70 रुपये तक वसूली करते हैं।
