सतना: बेटे की हरकतों से परेशान पिता का डांटना ही उसकी मौत का कारण बन गया. बेटे ने डांट से नाराज़ होकर गहरी नींद में सो रहे पिता की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। घटना को छिपाने के लिए मां-बेटे ने मिलकर साक्ष्य मिटा दिए और सड़क दुर्घटना की कहानी गढ़ी। 5 मार्च को मृतक धीरेंद्र सिंह परिहार की मौत की जानकारी सामने आई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर धारदार हथियार से वार की पुष्टि होने पर पुलिस ने हत्या की जांच शुरू की।
पुलिस जांच और साइबर सेल की मदद से बेटे आदर्श उर्फ निखिल परिहार को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में निखिल ने पिता द्वारा डांटे जाने पर गुस्से में आकर हत्या करना स्वीकार किया। ढाई महीने की जांच के बाद पुलिस ने मां और बेटे दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
