भोपाल, 25 मई (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद सहित अन्य भाजपा नेताओं ने आज अलग-अलग स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम को सुना।
श्री जामवाल ने भोपाल के शाहपुरा मंडल में तथा प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद बालाघाट विधानसभा के नगर मण्डल में, केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उईके और सावित्री ठाकुर ने धार, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने चित्रकूट, प्रहलाद सिंह पटेल एवं राकेश सिंह ने जबलपुर सहित प्रदेश के सभी बूथों पर पार्टी पदाधिकारी, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने श्री मोदी की मन की बात कार्यक्रम को आमजन के साथ सुना।
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री जामवाल ने मन की बात कार्यक्रम के पश्चात कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की मन की बात कार्यक्रम देश के जन-जन की बात हो गई है। यह कार्यक्रम अब सामाजिक आंदोलन और जनक्रांति बन गया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के रूप में देश के पास एक सशक्त नेतृत्व है। प्रधानमंत्री अपने कार्यक्रम में राजनीति से उपर उठकर सामाजिक विषयों पर चर्चा करते हैं।
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद ने मन की बात कार्यक्रम के पश्चात कहा कि कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में ऑपरेशन सिंदूर में सेना के पराक्रम, बड़े बर्फीले पहाड़ों पर आईटीबीपी के जवानों का सफाई अभियान, मधु मक्खियों का संरक्षण और कागज के रिसाइकल जैसे विषयों पर बात की है। प्रधानमंत्री की मन की बात कार्यक्रम आम आदमी के जीवन को प्रेरणा देता है।
केंद्रीय मंत्री श्री उईके, श्रीमती ठाकुर, प्रदेश शासन के मंत्री इंदर सिंह परमार, प्रदेश महामंत्री व सांसद कविता पाटीदार, पार्टी के प्रदेश कार्यालय मंत्री और ‘मन की बात’ के प्रदेश संयोजक डॉ राघवेन्द्र शर्मा एवं संभाग प्रभारी राघवेन्द्र गौतम ने धार जिले के विक्रम सभागृह, पी.जी. कॉलेज ऑडिटोरियम में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री श्री मोदी की मन की बात कार्यक्रम का सुना।
प्रदेश शासन के मंत्री श्री विजयवर्गीय ने सतना जिले के चित्रकूट मंडल में श्री मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना।प्रदेश शासन के मंत्री राकेश सिंह ने जबलपुर के सेना मुख्यालय के बत्रा सभागार में सेना के अधिकारियों एवं जवानों के साथ प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को सुना। वहीं, श्री पटेल ने जबलपुर स्थित निवास पर परिवार के सदस्यों व मित्रों के साथ प्रधानमंत्री के कार्यक्रम ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना।
