
टोक्यो/सोल 25 मई (वार्ता) भारत का एक बहुदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल शनिवार रात दक्षिण कोरिया की राजधानी सोल पहुंचा, जहां आतंकवाद के खिलाफ भारत के मजबूत रुख पर चर्चा होगी। इससे पहले इस प्रतिनिधिमंडल ने जापान का दौरा पूरा किया।
यह जानकारी रविवार को भारतीय प्रतिनिधिमंडल के एक सदस्य ने दी।
तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने एक्स पर कहा,“जापान में हमारी वैश्विक पहुंच भारतीय दूतावास में सार्थक बातचीत के साथ संपन्न हुई।” उन्होंने कहा कि वे उद्देश्य में एकजुट हैं।
उन्होंने पहलगाम आतंकवादी हमले की ओर ध्यान आकर्षित किया और भारत की संतुलित प्रतिक्रिया को उजागर किया, जिसने नागरिक सुरक्षा से समझौता किए बिना पाकिस्तान तथा पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी ढांचे को निर्णायक रूप से नष्ट कर दिया।
श्री बनर्जी ने कहा कि उन्होंने भारतीय समुदाय द्वारा पीड़ितों को दी गई हार्दिक श्रद्धांजलि को भी स्वीकार किया- एकजुटता की अभिव्यक्ति जो आतंकवाद का सामना करने में हमारे प्रवासी समुदाय की लचीलापन और एकता को दर्शाती है।
पश्चिम बंगाल में डायमंड हार्बर लोकसभा सांसद बनर्जी ने कहा,“जैसा कि हम इस संदेश को आगे बढ़ाने के लिए सोल पहुंचे हैं, हमारा संकल्प दृढ़ है और हमारा देश आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में साहस और स्पष्टता के साथ नेतृत्व करना जारी रखेगा।”
जनता दल (यूनाईटेड) के संजय कुमार झा के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल शनिवार रात सोल पहुंचा।
प्रतिनिधिमंडल कोरिया गणराज्य के विदेश मंत्रालय के अधिकारियों, नेशनल असेंबली के नेताओं और प्रमुख थिंक-टैंक के प्रतिनिधियों और अंत में मीडिया से मुलाकात करेगा।
श्री झा और श्री बनर्जी के अलावा, प्रतिनिधिमंडल में अपराजिता सारंगी, प्रदान बरुआ, हेमंग जोशी, पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद, बृज लाल, जॉन ब्रिटास और फ्रांस और बहरीन में भारत के पूर्व राजदूत मोहन कुमार भी शामिल हैं।
