नयी दिल्ली, (वार्ता) वैश्विक स्तर पर प्रीमियम स्लीप सॉल्यूशंस (मैट्रेस) का कारोबार करने वाले वीएफआई ग्रुप ने मंगलवार को गुरुग्राम में एक विशाल स्टोर के साथ भारत में कदम रखते हुए इस साल देश भर में अपने 100 ‘बियॉन्ड स्लीप’ मैट्रेस एवं फर्नीचर स्टोर खोलने की घोषणा की।
वीएफआई ग्रुप के सेल्स एवं मार्केटिंग डायरेक्टर सतीश कुमार मल्होत्रा ने इस अवसर पर भारतीय बाजार की संभावनाओं के प्रति उत्साह जताते हुए कहा , “हमारा सपना है कि बियॉन्ड स्लीप का नाम हर घर की जुबान पर हो और हमारी योजना इसी साल पूरे भारत में 100 स्टोर खोलने की है। हम एक दमदार शुरुआत कर रहे हैं और अगले तीन वर्षों में हमारा ब्रांड 1000 करोड़ रुपये का हो यह हमारा लक्ष्य है।”
कंपनी ने 5000 वर्ग फुट का विशाल स्टोर डीएलएफ सिटी सेंटर, एमजी रोड, गुड़गांव में खोला है जिसमें इस जाने माने ब्रांड के उत्पाद और सुविधाएं एक साथ उपलब्ध हैं। इसमें एक विशेष अनुभव क्षेत्र बनाए गए हैं ताकि ग्राहक उनकी चुनी हुई चीजों को वहीं जांच-परख कर देखें।
कंपनी की एक विज्ञप्ति के अनुसार बियॉन्ड स्लीप में देश-दुनिया के जाने-माने ब्रांडों की चुनिंदा चीजें उपलब्ध हैं जिनमें सर्टा , सिमंस ब्यूटीरेस्ट और ऑर्गेनिक लेटेक्स मैट्रेस ऑर्गेना के उत्पाद उपलब्ध हैं। वीएफआई ग्रुप के भारत, थाईलैंड और अमेरिका में अत्याधुनिक उत्पादन केंद्र हैं।
