रेल मंत्री ने बुलेट ट्रेन परियोजना के निर्माण में प्रगति का जायजा लिया

मुंबई, 18 जनवरी (वार्ता) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को यहां मुंबई अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए भूमिगत लाइन के निर्माण के लिए मशीनों एवं श्रमिकों को लाने एवं ले जाने के लिए निर्मित सहायक सुरंग के निर्माण में प्रगति का जाएजा लिया।

श्री वैष्णव ने ठाणे के निकट महापे में सुरंग में जाकर प्रगति की जानकारी ली। सुरंग से लौट कर श्री वैष्णव ने वहां मौजूद मीडिया से कहा कि मुंबई अहमदाबाद हाईस्पीड रेल परियोजना में बहुत अच्छी प्रगति हो रही है। उन्होंने कहा कि भारत की पहली समुद्र तल के नीचे सुरंग का निर्माण किया जा रहा है।

रेल मंत्री ने कहा कि यह परियोजना एक रेलवे या कनेक्टिविटी की परियोजना के रूप में नहीं देखी जाए बल्कि इसे एक अलग एवं आर्थिक विकास के परिप्रेक्ष्य में देखा जाना चाहिए। बुलेट ट्रेन परियोजना से ना केवल मुंबई एवं अहमदाबाद, बल्कि वडोदरा, सूरत, वापी, दमन आदि क्षेत्रों की आर्थिक प्रगति सुनिश्चित होगी।

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना में 14 जनवरी तक गुजरात में सिविल कार्य प्रगति तेजी से हो रही है। अब तक 253 किलोमीटर की लॉन्चिंग और 290 किलोमीटर की गर्डर कास्टिंग पूरी हो चुकी है तथा 343 किमी पियर का काम पूरा हो चुका है। वहीं 11 फुल स्पैन लॉन्चिंग गैंट्री और 17 सेगमेंटल लॉन्चिंग गैंट्री चालू हैं।

गुजरात के सभी 8 स्टेशनों (वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आणंद, अहमदाबाद, साबरमती) की नींव पूरी हो चुकी है और सुपरस्ट्रक्चर का निर्माण कार्य अग्रिम चरण में है चार स्टेशनों पर फिनिशिंग का काम चल रहा है। इसके साथ ही 13 नदी पुलों (20 नदी पुलों में से) का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। नॉइज़ बैरियर और केबल डक्ट का काम पूरा करने के बाद 70 किलोमीटर का वायाडक्ट कॉन्ट्रैक्टर को सौंप दिया गया है। वायाडक्ट के ऊपर 41 मार्ग किमी प्रबलित कंक्रीट बैड डाला गया है और 27,000 से अधिक प्रीकास्ट जे-स्लैबों की कारखानों में ढलाई हो चुकी है। लगभग 35,800 टन रेल (जेआईएस 60 किग्रा और 50 किग्रा) जापान से निर्माण स्थल पर पहुंच चुकी है।

विद्युतीकरण का काम शुरू हो गया है, सूरत-बिलिमोरा बुलेट ट्रेन स्टेशनों के बीच जमीन से 14 मीटर की ऊंचाई पर वायाडक्ट के ऊपर पहले दो स्टील मास्ट लगाए गए हैं। महाराष्ट्र में सिविल कार्य प्रगति की मुख्य विशेषताओं में मुंबई (बांद्रा-कुर्ला) स्टेशन स्थल पर से 18 लाख घन मीटर में से 11 लाख घन मीटर की खुदाई पूरी हो गई है। बेस स्लैब की ढलाई शुरू हो गई है। समुद्र के अंदर 21 किमी लंबी सुरंग (7 किमी सहित) एडीआईटी सुरंग (394 मीटर) मई 2024 में पूरी हो गई है।

शिलफाटा में शाफ्ट 2, शाफ्ट 3 और कट एवं कवर हिस्से के लिए खुदाई पूरी हो गई है। एनएटीएम के तीन मुखों से सुरंग बनाने का काम शुरू हो चुका है। सुरंग खंड की ढलाई शुरू हो गई है (2 मीटर चौड़ी रिंग)

महाराष्ट्र में 135 किमी लंबा वायाडक्ट पैकेज (सी3): नींव: 25 किमी पूरा । पियर: 15 किमी पूरा 5 पर्वतीय सुरंगों (कुल 7 में से) पर काम शुरू हो चुका है।

मुंबई बुलेट ट्रेन भूमिगत स्टेशन बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स और महाराष्ट्र राज्य के शिलफाटा के बीच 21किलोमीटर लंबी भारत की पहली भूमिगत/समुद्री सुरंग का निर्माण चल रहा है। 21 किलोमीटर सुरंग निर्माण कार्य में से 16 किलोमीटर टनल बोरिंग मशीनों के माध्यम से तथा शेष 5 किलोमीटर एनएटीएम के माध्यम से किया जा रहा है। इसमें ठाणे क्रीक पर 7 किलोमीटर की समुद्र के नीचे सुरंग भी शामिल है।

एडीआईटी यानी (अतिरिक्त संचालित मध्यवर्ती सुरंग) पोर्टल में 394 मीटर लंबी एडीआईटी सुरंग मई 2024 (रिकॉर्ड समय 6 महीने) में पूरी हो चुकी है। इससे शिलफाटा के अतिरिक्त उत्खनन कार्य के लिए दो अतिरिक्त एनएटीएम फेस की सुविधा मिल गई है। इस अतिरिक्त पहुंच के कारण 1,111 मीटर (बीकेसी/एन1टीएम की ओर 1562 मीटर में से 622 मीटर और अहमदाबाद/एन2टीएम की ओर 1628 मीटर में से 489 मीटर) सुरंग बनाने का काम पूरा हो चुका है। 11 मीटर X 6.4 मीटर आयाम वाला एडीआईटी निर्माण और संचालन के दौरान मुख्य सुरंग तक वाहनों की सीधी पहुंच प्रदान करेगा और आपातकालीन स्थिति में निकासी के लिए भी इसका उपयोग किया जा सकता है।

मुंबई एचएसआर स्टेशन निर्माण स्थल पर शाफ्ट की गहराई 36 मीटर, खुदाई का काम अभी चल रहा ह है। विखरोली में शाफ्ट 2.56 मीटर की गहराई का शाफ्ट पूरा हो गया है। इस शाफ्ट का उपयोग दो सुरंग खोदने वाली मशीनों को दो अलग-अलग दिशाओं में उतारने के लिए किया जाएगा, एक बीकेसी की ओर और दूसरी अहमदाबाद की ओर। सावली में शाफ्ट 3 (घंसोली के पास): 39 मीटर की शाफ्ट गहराई पूरी कर ली गई है।

शिलफाटा में सुरंग पोर्टल में सुरंग का न्यू आस्ट्रियन टनलिंग मशीन छोर है। पोर्टल का काम पहले ही पूरा हो चुका है और 1628 मीटर (एन3टीएम) में से 602 मीटर सुरंग का काम अब तक पूरा हो चुका है।

Next Post

हार को देख कर खुद पर हमले का नाटक कर रहे केजरीवाल: सचदेवा

Sat Jan 18 , 2025
नयी दिल्ली 18 जनवरी (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है और कहा है कि वह नयी दिल्ली विधानसभा सीट से अपनी हार को देख कर खुद पर हमले का नाटक कर रहे […]

You May Like