जबलपुर: स्वच्छता पखवाड़ा के तहत पश्चिम मध्य रेल में रेलवे स्टेशनों के खाद्य संस्थानों और पैंट्री कारों की स्वच्छता एवं खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांचने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। जबलपुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक मुख्यालय तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने निरीक्षण कर साफ-सफाई, खाद्य सामग्री और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। खाद्य कारोबारकर्ताओं को स्वच्छता एवं गुणवत्ता के मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
पश्चिम मध्य रेल में 2 से 15 अक्टूबर तक चल रहे स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जबलपुर, भोपाल और कोटा मंडलों में विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों के साथ खाद्य संस्थानों की नियमित जांच भी की जा रही है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से भी रेलवे परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने और स्वच्छता नियमों का पालन करने की अपील की है।