सेंसेक्स 800 अंक से ज्यादा उछला, आईटी कंपनियों में लिवाली का जोर

मुंबई, 09 अक्टूबर (वार्ता) निचले भाव पर हुई लिवाली के कारण घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को तेजी देखी गई और बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 800 अंक से अधिक चढ़ गया।
सेंसेक्स 183 अंक की बढ़त के साथ 71,776 अंक पर खुला और इसके बाद इसका ग्राफ लगातार ऊपर की ओर चढ़ता गया। खबर लिखे जाते समय यह 774.38 अंक (1.08 प्रतिशत) की मजबूती के साथ 72,367.62 अंक पर था। इससे पहले यह 854.37 अंक चढ़कर 72,447.61 अंक तक पहुंच गया था।

आईटी कंपनियों ने इस तेजी की अगुवाई की। सेंसेक्स में टीसीएस का शेयर इस समय पौने छह फीसदी ऊपर है। कंपनी के गुरुवार को जारी तिमाही परिणामों में उसका सालाना लाभ 7.6 प्रतिशत और राजस्व 11.2 प्रतिशत बढ़ा है। कंपनी ने प्रति शेयर 12 रुपये के अंतरिम लाभांश की भी घोषणा की है।
इंफोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और टेक महिंद्रा के शेयर दो से साढ़े तीन फीसदी तक ऊपर चल रहे हैं। अडानी पोर्ट्स और आईटीसी में भी ढाई से तीन प्रतिशत तक की तेजी है। आईसीआईसीआई बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर दबाव में हैं।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 83 अंक चढ़कर 22,315 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 257.95 अंक यानी 1.16 फीसदी ऊपर 22,489.75 अंक पर था।
वृहत बाजार में सभी सूचकांक हरे निशान में हैं। सेक्टर आधारित सूचकांकों में निफ्टी आईटी साढ़े तीन फीसदी ऊपर है। ऑटो, वित्त, बैंकिंग, एफएमसीजी, मीडिया, धातु, स्वास्थ्य, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों के सूचकांकों में भी फिलहाल अच्छी तेजी हैं। तेल एवं गैस समूह में बिकवाली का जोर अधिक है।

.....

Next Post

वार्ड 40 में गैस पाइपलाइन के काम में लापरवाही काम करने के बाद गड्ढों से हादसे का खतरा

Fri Oct 9 , 2026
सिंगरौली: नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 40 में जिओ ऑफिस के बगल में गैस पाइपलाइन का काम करने के बाद गड्ढों को आधा-अधूरा छोड़ दिए जाने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। सड़क पर अधूरे पड़े गड्ढों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना […]

You May Like