
नभारत न्यूज
सतना. एक ओर जहां देश के तटीय हिस्से में मानसून पहुंचने की पुष्टि होती नजर आने लगी वहीं दूसरी ओर शहर सहित जिले भर में बादलों के जमघट ने प्री मानसूनी गतिविधियों की सक्रियता के संकेत देने शुरु कर दिए हैं. इसी कड़ी में शनिवार को आसमान में छाए रहे बादलों के चलते जहां उमस भरी गर्मी से फौरी राहत मिली वहीं तापमान में 4.7 डिग्री की कमी दर्ज की गई.
मौसम कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को शहर में दिन का अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इस लिहाज से दिन के तापमान में महज 24 घंटे के भीतर ही 4.7 डिग्री सेल्सियस की कमी देखने को मिली. लेकिन वहीं दूसरी ओर हवा में नमी की मात्रा में पिछले 24 घंटे के दौरान 8 से लेकर 13 फीसदी का इजाफा हो गया. सुबह से ही आसमान में बादलों के जमघट के चलते बारिश होने की संभावना बनती नजर आ रही थी. हलांकि देर शाम तक बारिश तो नहीं हुई, लेकिन भीषण तपिश और उमस भरी गर्मी से लोगों को काफी हद तक राहत मिली रही. वहीं शाम होने पर ठंडी हवाओं ने मौसम को और खुशनुमा बना दिया. मौसम विभाग के अनुसार मानसूनी गतिविधि देश के तटीय राज्य केरल पर लगभग दस्तक देने को है. वहीं बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाएं देश के पूर्वोत्तर और मध्य क्षेत्र को सीधे तौर पर प्रभावित करने लगी हैं. जिसकी वजह से विंध्य क्षेत्र में भी प्री मानसूनी हलचल तेज हो गई है. इसी प्रभाव के चलते शनिवार को विंध्य में कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने, गरज चमक होने और बारिश होने की घटनाएं सामने आईं. मौसम विभाग के अनुसार ट्रफ का असर होने के कारण मौसमी हलचल फिलहाल ऐसे ही बने रहने की संभावना है. हलांकि बादलों के छंटते ही उमस भरी गर्मी का असर एक बार फिर से शुरु हो सकता है. जिसके लिए विंध्य में मानसून के सक्रिय होने तक लोगों को इंतजार करना पड़ सकता है.
