मुंबई(वार्ता) अमेरिकी राजकोषीय परिदृश्य को लेकर बढ़ी चिंता से दुनिया की प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर के कमजोर पड़ने से आज अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया 67 पैसे उछलकर 85.28 रुपये प्रति डॉलर पर पहुंच गया।वहीं, इसके पिछले कारोबारी दिवस रुपया 85.95 रुपये प्रति डाॅलर पर रहा था।
कारोबार की शुरुआत में रुपया चार पैसे फिसलकर 85.99 रुपये प्रति डॉलर पर खुला और सत्र के दौरान यही इसका दिवस का निचला स्तर भी रहा। वहीं, आयातकों एवं बैंकरों की डॉलर बिकवाली होने से यह 85.14 रुपये प्रति डॉलर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। अंत में पिछले दिवस के 85.95 रुपये प्रति डाॅलर की तुलना में 67 पैसे उछलकर 85.28 रुपये प्रति डॉलर पर पहुंच गया।
विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिकी राजकोषीय परिदृश्य को लेकर बढ़ती चिंताओं के चलते डॉलर में कमजोरी देखी गई, जिसका लाभ रुपये को मिला और शुक्रवार को रुपये में मजबूती दर्ज की गई।बाजार विश्लेषक राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कर कटौती विधेयक के संभावित प्रभाव का मूल्यांकन कर रहे हैं, जिससे अमेरिकी ऋण में उल्लेखनीय वृद्धि की आशंका जताई जा रही है। निवेशकों के बीच इस बात को लेकर चिंता है कि यह विधेयक अमेरिका के वित्तीय घाटे को और गहरा कर सकता है, जिससे डॉलर पर दबाव बढ़ा है।
