
*आलमपुर में अहिल्याबाई के नाम पर होगा सरकारी महाविद्यालय, लहार में सौ बीघा में लगेंगे उद्योग*
नवभारत न्यूज
भिंड। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि पहलगाम हमले में आतंकियों ने हमारे बहनों की मांग का सिंदूर उजाड़ा था। ऐसे नापाक इरादों वाले आतंकियों को पाकिस्तान की धरा पर ही देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेना ने सबक सिखाया। यह रणनीति है। यह कुशल नीति है। ये ही देश का शौर्य है। यही हमारे जवानों का साहस है। इस साहस को हम प्रणाम करते हैं।
भिंड के लहार में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वसहायता समूहों के सम्मेलन में बिना नाम लिए कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला किया।उन्होंने कहा कि जब यहां कांग्रेस की सरकार थी तो डकैत होते थे। उन्होंने कहा कि जब बीजेपी की सरकार आई तो डकैतों का खात्मा कर दिया गया। चंबल में अब कोई डकैत नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस अपने स्वार्थ के लिए डकैत पैदा करती थी। इसका वे चुनाव में फायदा लेते थे। मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में चंबल भूमि के वीर जवानों के शौर्य की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि लहार क्षेत्र का युवा देश की रक्षा के लिए कंपटीशन करता है। जहां चंबल की माटी का जांबाज जवान खड़ा हो, उस क्षेत्र में दुश्मन देश आंख उठाकर भी नहीं देख सकता है।
मुख्यमंत्री ने आलमपुर के सरकारी महाविद्यालय का नाम देवी अहिल्याबाई के नाम पर करने की घोषणा की। उन्होंने लहार में 100 बीघा जमीन पर पर उद्योग लगाने का ऐलान किया। उन्होंने मछंड, असवार क्षेत्र का उन्नयन करते हुए नगर पंचायत बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने 117 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन विकास कार्यों में सड़क, बिजली, जलप्रदाय, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। इससे पूर्व लहार पहुंचने पर मुख्यमंत्री का हेलीपेड पर स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री ने मिहोना के शासकीय गांधी महाविद्यायल के लिए नए भवन, आलमपुर कस्बे के शासकीय महाविद्यालय के लिए राशि स्वीकृत की बात कही। साथ ही उन्होंने कहा कि आलमपुर क्षेत्र का इतिहास होल्कर साम्राज्य के संस्थापक मल्हावराव होल्कर से जुड़ा है। उनकी छत्री आलमपुर में है। आलमपुर कस्बा होल्कर राजवंश के अधीन था। इस इतिहास को जोड़ते हुए उन्होंने आलमपुर महाविद्यायल का नाम देवी अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर होगा। मंच से लेकर 2 किलोमीटर दूर तक रेड कार्पेट बिछाया गया था, द्वार पर जेसीबी खड़ी की गई।
*लहार क्षेत्र में 33 साल कांग्रेस का आतंक रहा : विधायक शर्मा*
विधायक अम्बरीश शर्मा ने कहा कि लहार क्षेत्र में 33 साल कांग्रेस का आतंक रहा है। उन्होंने आठ से दस लोगों के नाम गिनाते हुए कहा कि इन लोगों के साथ किस तरह का बरताव हुआ था। सब को पता है। उन्होंने कहा कि मुझ पर भी कांग्रेस शासन काल में झूठा मुकदमा दर्ज कराए गए है। यहां की जनता ने 33 साल तक गुलाम की तरह जीवन जिया है। अब आजाद हुए है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से आग्रह किया है कि ये क्षेत्र जितना कांग्रेस के कारण पिछड़ा है उसके अग्रणी बनाने के लिए गोद ले लीजिए।
*विकास कार्य के लिए ज्यादा राशि देंगी सांसद राय*
कार्यक्रम में सांसद संध्या राय ने कहा कि इस क्षेत्र ने ही मुझे संसद तक भेजने का रास्ता तय हुआ है। उन्होंने कहा कि मैं सांसद निधि से होने वाले विकास कार्यों की सबसे ज्यादा राशि लहार विधानसभा क्षेत्र पर दूंगी।
इस मौके पर नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि प्रदेश के विकास के पहिए पर डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में दौड़ रहा है। मैं चाहता हूं कि सीएम के तौर पर मोहन यादव और लहार क्षेत्र के विधायक के तौर पर अम्बरीश जनसेवा करते रहें।
