इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक अब आदित्य बिड़ला कैपिटल के ऋण उत्पाद भी कराएगा उपलब्ध

नयी दिल्ली (वार्ता) केन्द्र सरकार के उपक्रम इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) ने देश भर में लोगों को कर्ज सुविधाएं बढ़ाने के लिए निजी क्षेत्र की प्रमुख वित्तीय सेवा कंपनी आदित्य बिड़ला कैपिटल लिमिटेड (एबीसीएल) के साथ रणनीतिक भागीदारी की घोषणा की है जिसके तहत उसके नेटवर्क पर एबीसीएल की ऋण योजनाएं (उत्पाद) उपलब्ध होंगी।

यहां गुरुवार को जारी एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार यह भागीदारी आदित्य बिड़ला कैपिटल के विविध ऋण उत्पादों को आईपीपीबी के व्यापक नेटवर्क और डिजिटल बुनियादी ढांचे के साथ एकीकृत करती है। इसका उद्देश्य देश भर में आईपीपीबी ग्राहकों को निर्बाध ऋण पहुंच प्रदान करना है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि इससे आईपीपीबी के ग्राहक आदित्य बिड़ला कैपिटल के अत्याधुनिक डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म के माध्यम से ऋण सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। इसमें ग्राहकों को ऋण की त्वरित स्वीकृति, न्यूनतम दस्तावेज और परेशानी मुक्त सुव्यवस्थित प्रक्रिया का लाभ मिलेगा।

आईपीपीबी के एमडी और सीईओ आर. विश्वेश्वरन ने कहा, ‘यह भागीदारी सुनिश्चित करेगी कि हमारे ग्राहकों की सरल विकल्पों के साथ सरलीकृत डिजिटल ऋण आवेदन प्रक्रिया के माध्यम से ऋण तक सरल पहुंच हो। यह सहयोग हमारे इस दृष्टिकोण के अनुरूप है कि भारत में हर आम आदमी को सर्वश्रेष्ठ श्रेणी के बैंकिंग उत्पाद और सेवाएं उपलब्ध हों।’

एबीसीएल के कार्यकारी निदेशक राकेश सिंह ने कहा, ‘इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की व्यापक पहुंच और हमारी सरलीकृत डिजिटल ऋण आवेदन प्रक्रिया का लाभ उठाते हुए, हमारा लक्ष्य सुविधाजनक और सुगम ऋण विकल्पों के साथ ग्राहक की सेवा करना है।’यह सहयोग लोगों के लिए वित्तीय पहुंच मजबूत करने और विकास को बढ़ावा देने के लिए आईपीपीबी और आदित्य बिड़ला कैपिटल की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। आईपीपीबी गैर-जोखिम भागीदारी के आधार पर एबीसीएल के लिए एक प्रमुख संदर्भ भागीदार के रूप में कार्य करेगा, जिसमें एबीसीएल के पूर्ण विवेक पर ऋण स्वीकृति होगी।

सितंबर, 2018 में शुरू आईपीपीबी का मूल उद्देश्य बैंकिंग सेवाओं से वंचित लोगों के लिए अवरोधों को दूर करना और डाक नेटवर्क का लाभ उठाते हुए अंतिम छोर तक पहुंचना है। आईपीपीबी 1,65,000 डाकघरों और तीन लाख डाक कर्मचारियों के विशाल नेटवर्क के साथ काम कर रहा है। डाकघरों के नेटवर्क में 140,000 डाकघर ग्रामीण क्षेत्र में हैं।

एबीसीएल एक सूचीबद्ध गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) और वित्तीय सेवा व्यवसायों की होल्डिंग कंपनी है। एबीसीएल के व्यवसाय- नेटवर्क में 1,623 से अधिक शाखाएं और दो लाख से अधिक एजेंट, चैनल भागीदार शामिल हैं। कंपनी कई बैंकों के साथ मिलकर देश भर में सेवाएं उपलब्ध करा रही है।

Next Post

स्टार प्लस के शो में अनुपमा में आएगा बड़ा मोड़

Fri May 23 , 2025
मुंबई (वार्ता) स्टार प्लस के लोकप्रिय शो अनुपमा में नया मोड़ आने वाला है।स्टार प्लस का शो अनुपमा पूरे देश में लोगों के दिलों पर राज कर रहा है। रुपाली गांगुली की लीड में यह कहानी एक ऐसी औरत की है जो दूसरों की उम्मीदों से ज़्यादा खुद की इज्ज़त […]

You May Like