अंबेडकर प्रतिमा को लेकर भीम आर्मी का उग्र प्रदर्शन, बैरिकेड पर चढ़ने की कोशिश

ग्वालियर। हाईकोर्ट खंडपीठ भवन में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा लगाने की मांग को लेकर गुरुवार को भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील बैरसिया के नेतृत्व में उग्र प्रदर्शन किया गया। फूलबाग स्थित मानस भवन में पहले सभा हुई। इसके बाद कलेक्ट्रेट की तरफ कूच करने से पहले ही उन्हें रोककर ज्ञापन लिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। बड़ी संख्या में भीम आर्मी के कार्यकर्ता और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता फूलबाग पर एकत्र हुए। वहां से सभी मानस भवन पहुंचे। इसके बाद वे फूलबाग चौपाटी होते हुए कलेक्ट्रेट की ओर रैली के रूप में आगे बढ़ने लगे, लेकिन प्रशासन ने केवल सभा की अनुमति दी थी। ऐसे में रैली को फूलबाग चौपाटी के पास ही बैरिकेड लगाकर रोक दिया गया।

इस दौरान भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पर चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन भारी संख्या में मौजूद पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया। इस स्थिति में सुनील बैरसिया द्वारा एसडीएम अतुल सिंह को सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इसके बाद सभी कार्यकर्ता मौके से रवाना हो गए।

ग्वालियर हाईकोर्ट में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। 19 मई को जबलपुर में चीफ जस्टिस के साथ दोनों पक्षों की बैठक हुई थी, जिसमें मूर्ति स्थापित करने का निर्णय फिलहाल टाल दिया गया, लेकिन मूर्ति लगाने के समर्थक अब आंदोलन की राह पर उतर आए हैं। भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि जो लोग मूर्ति नहीं लगने देंगे उन्हें ईंट का जबाब पत्थर से दिया जाएगा।

Next Post

मारुति वैन में अचानक लगी आग हादसे में ड्राइवर जिंदा जला

Thu May 22 , 2025
बीना। शहर में मारुति वैन में अचानक आग लग गई। हादसे में ड्राइवर जिंदा जल गया। शव इस हालत में मिला है कि उसकी पहचान नहीं की जा सकी है। वैन का रजिस्ट्रेशन खुरई तहसील के ग्राम कन्नाखेड़ी निवासी प्रहलाद सिंह पिता बखत सिंह ठाकुर के नाम पर दर्ज है। […]

You May Like