मुंबई, (वार्ता) अभिनेता गुलशन देवैया की आने वाली फिल्म ‘कंतारा चैप्टर 1’ से उनका लुक रिलीज हो गया है।
कंतारा चैप्टर 1 के मेकर्स ने इस फिल्म से गुलशन देवैया का फर्स्ट लुक रिलीज किया है। इस फिल्म में गुलशन देवैया कुलशेखर का किरदार निभाने जा रहे हैं। यह फिल्म 2022 की ब्लॉकबस्टर कंतारा का प्रीक्वल है, जिसे ऋषभ शेट्टी बना रहे हैं।
कंतारा चैप्टर 1 को ऋषभ शेट्टी ने लिखा और निर्देशित किया है। इस बार भी वह फिल्म में अपने सेंट्रल किरदार को दोबारा निभाते नजर आएंगे। यह प्रीक्वल पहली फिल्म की यूनिवर्स को और बड़ा करने वाला है और इसमें एक नई कहानी दिखाई जाएगी। पहली फिल्म ने लोककथा, आस्था और इंसानी भावनाओं को बखूबी जोड़कर एक अलग तरह की स्टोरीटेलिंग पेश की थी। अब यह प्रीक्वल उस कहानी की जड़ों में और गहराई से उतरने वाला है, जिससे इसमें और भी भावनाएं और गहराई जुड़ेंगी।
गुलशन देवैया का कुलेशेखर के रूप में पहला लुक सामने आने के बाद अब दर्शकों में उनके किरदार को लेकर उत्सुकता और भी बढ़ गई है। सबके मन में यह सवाल है कि उनका किरदार इस पसंद किए जाने वाले यूनिवर्स की कहानी को किस दिशा में आगे बढ़ाएगा। फिल्म का भव्य वर्ल्डवाइड रिलीज दो अक्टूबर 2025 को तय किया गया है। यह फिल्म कन्नड़, तेलुगु, हिंदी, तमिल, मलयालम, बंगाली और इंग्लिश समेत कई भाषाओं में रिलीज होगी।
