सीहोर। स्थानीय शासकीय आवासीय खेलकूद संस्थान में संचालित बॉक्सिंग नोडल खेल प्रशिक्षण केंद्र के पांच प्रतिभाशाली बॉक्सरों ने संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का किया है. खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि से खेल प्रेमियों और संस्थान में हर्ष का माहौल है.
खेल अधिकारी अताउल्लाह खान ने बताया कि भोपाल में आयोजित प्रतियोगिता में अंशुल मंडलोई ने 75-80 किग्रा, जयंत परिहार ने 80 किग्रा, अभिनव ने 32-43 किग्रा, अनुष्का सिंह ने 80 किग्रा तथा श्रद्धा ने 46-48 किग्रा वजन वर्ग में विजेता बनकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने का गौरव हासिल किया. राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन 26 से 30 सितंबर तक भोपाल में किया जाएगा. चयनित खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे. खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि पर डीईओ शीलू शर्मा, प्राचार्य आलोक शर्मा, खेल अधिकारी अताउल्लाह खान, आनंद पंसोरिया, भरतलाल शर्मा, अरूणा पारे, शैलेन्द्र चौहान, लोकेश, राजेश मालवीय, योग प्रभारी मनोज व्यास आदि खेलप्रेमियों ने शुभकामनाएं दी हैं.
