
सीहोर। अंचल में प्री-मानसून की दस्तक हो चुकी है. बुधवार दोपहर तेज हवा के साथ शहर में हुई बारिश ने जन-जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया. हालात यह रहे कि 48 किमी की रफ्तार से चली हवा के कारण बिजली के कई खंबे जमींदोज होकर फोरलेन पर गिर गए. कई जगह के बिजली के खंबे हवा में ही टेढ़े हो गए. चौपाल सागर के आगे एक पेड़ फोरलेन पर गिरने से करीब 2 घंटे से ज्यादा समय तक जाम लगा रहा. करीब 4.15 बजे जाम खुला. तेज मूसलाधार बारिश से पूरा शहर पानी-पानी नजर आने लगा. सड़कों से लेकर स्कूल और कार्यालयों के कैंपस में पानी भर गया. मौसम विभाग के अनुसार करीब 45 मिनट में 12 मिमी यानी कि करीब आधा इंच बारिश रिकार्ड की गई है.
दोपहर 2 बजे अचानक मौसम बदला और देखते ही देखते तेज हवा के साथ बारिश होने लगी. इस दौरान शहर ओर आसपास के क्षेत्र में कुछ समय के लिए ओले भी गिरे. बारिश के साथ करीब 45 से 48 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली. जिसके कारण कई बिजली के खंबे टेढ़े हो गए. पुराने यातायात थाने के सामने तो एक बिजली का खंबर टेढ़ा होकर सड़क पर ही आ गिरा, जिसके कारण यहां आवागमन प्रभावित हुआ. यदि इसी तरह मई महीने में ही मानसून की आमद हो गई तो बारिश भी समय से पहले ही चली जाएगी. इससे फसलों का विपरीत असर पड़ेगा. बुधवार सुबह से ही सूरज के तीखे तेवरों के कारण दोपहर 1.30 बजे तक अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री तक पहुंच गया था. लेकिन दो बजे तेज हवा के साथ बारिश से तापमान में तेजी से गिरावट हुई. दोपहर 3.30 बजे ही अधिकतम तापमान लुढ़ककर 31 डिग्री पर आ गया.
नालियों का पानी सड़कों पर भराया, लोग हुए परेशान
तेज बारिश से सड़कों पर पानी भर गया. निकासी न होने के कारण जगह- जगह सड़कों पर पानी भरा गया था. इसके अलावा कई जगह पेड़ों की टहनियां टूटकर सड़क पर आ गिरी. इंग्लिशपुरा रोड, मनकामनेश्वर महादेव मंदिर के सामने भी पेड़ की टहनियां रोड पर गिर गई थीं. वहीं पुराने कलेक्ट्रेट के सामने बाल विहार मैदान में लगे मेले का स्वागत द्वार भी तेज हवा के कारण जमीन पर आ गिरा.
अभी दो दिन और ऐसा ही रहेगा मौसम
आरएके कॉलेज स्थित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र के विशेषज्ञ डॉ. सत्येंद्र सिंह तोमर ने बताया कि अभी दो दिन इसी तरह का मौसम रहेगा. हालांकि इसके बाद भी ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी. डॉ. तोमर ने बताया कि बुधवार दोपहर के समय करीब 12 मिमी बारिश रिकार्ड हुई है. यह आधा इंच के करीब है. उन्होंने बताया कि मई महीने के दौरान ही जिले में एक इंच से ज्यादा औसत बारिश रिकार्ड हो चुकी है. एक दिन पहले तक जिले में 25.8 मिमी औसत बारिश रिकार्ड की गई थी. बुधवार को जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्र में बारिश हुई है.
