जबलपुर: नगर निगम की सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूती प्रदान करने एवं सफाई व्यवस्था में कसावट और पारदर्शिता लाने निगमायुक्त प्रीति यादव ने एक कड़ा कदम उठाया है। जिसके तहत् निगमायुक्त ने एक आदेश जारी कर नगर निगम के अपर आयुक्त स्वास्थ्य व्ही.एन. बाजपेयी, उपायुक्त संभव अयाची, और स्वास्थ्य अधिकारी संदीप जायसवाल को आदेशित किया है कि नगर निगम जबलपुर के स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत कार्यरत सभी ठेकेदारों द्वारा नियुक्त आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से दर्ज कराया जाना सुनिश्चित करें।
जारी आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि टेण्डर की शर्तो में भी यह उल्लेख है कि बायोमेट्रिक पद्धति से ही उपस्थिति मान्य होगी और उसी के आधार पर ठेकेदारों को भुगतान किया जायेगा। निगमायुक्त ने इसके लिए सेटअप तैयार करने तथा इस प्रणाली को लागू करने के लिए 26 मई तक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के लिए समयसीमा निर्धारित कर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है। निगमायुक्त ने साफतौर पर कहा है कि ठेकेदारों द्वारा नियुक्त समस्त सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति निश्चित समय एवं स्थान पर केवल बायोमेट्रिक प्रणाली से ही दर्ज की जाये तथा उसी के अनुरूप देयक भुगतान हेतु प्रस्तुत किये जाएं।
