बापटला (वार्ता) आंध्र प्रदेश के चिराला मंडल के वदारेवु में मंगलवार को एक कार के पलटने जाने से तीन पॉलिटेक्निक छात्रों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि नौ छात्र तेनाली से समुद्र तट पर गए थे। समुद्र तट पर कुछ समय बिताने के बाद वे तेनाली लौट रहे थे कि उनकी कार सड़क पर पलट गई जिससे रोहित नाइक (19), अजय (18) और कार्तिक (24) की मौत हो गई। सभी मृतक तेनाली के एक निजी पॉलिटेक्निक कॉलेज में पढ़ रहे थे।
मृतकों में से दो छात्रों की तत्काल मौत हो गई जबकि एक अन्य की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घायलों को चिराला के जीजीएच में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए जीजीएच भेज दिया।
