नयी दिल्ली,11 अक्टूबर(वार्ता) राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने बंगलादेश से सीमा पार सोने की तस्करी के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है और इसी अभियान के तहत आठ और नौ अक्टूबर को पूर्वी क्षेत्र में खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए अभियानों में लगभग 7.8 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना जब्त किया गया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए अभियानों में बानपुर सीमा क्षेत्र और त्रिपुरा को कोलकाता से जोड़ने वाले रास्ते के जरिए संचालित सोने की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया है।
सूत्रों ने बताया कि बरामद सोने की कीमत 11.50 करोड़ रुपये से अधिक है। इन अभियानों में सीमावर्ती क्षेत्रों से कोलकाता की ओर तस्करी किए गए सोने के परिवहन के लिए सड़क और रेल नेटवर्क के इस्तेमाल का खुलासा हुआ। इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया।
इन अभियानों से बांग्लादेश से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ-साथ पूर्वोत्तर को कोलकाता जैसे प्रमुख बाजारों से जोड़ने वाले सड़क और रेल मार्गों का इस्तेमाल तस्करी किए गए सोने की आवाजाही के लिए जारी रहने का स्पष्ट संकेत मिलता है। डीआरआई खुफिया जानकारी पर आधारित प्रवर्तन और समन्वित कार्रवाई के माध्यम से संगठित तस्करी नेटवर्क का खात्मा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

