दिल्ली में 7.72 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बने, 46 हजार से ज्यादा मरीजों का हुआ इलाज: डॉ. पंकज

नयी दिल्ली, 27 मई (वार्ता) दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि राजधानी में ‘आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना’ के तहत स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा लगातार बढ़ रहा है। डॉ. पंकज ने बुधवार को लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल में हीटवेव से निपटने की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि अब तक 7 लाख 72 हजार 129 आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड बनाए जा चुके हैं। इनमें ‘वय वंदना योजना’ के तहत 2 लाख 90 हजार 475 और अन्य श्रेणियों में 4 लाख 81 हजार 654 कार्ड शामिल हैं। योजना के तहत पात्र नागरिकों को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस स्वास्थ्य कवरेज उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसमें केंद्र सरकार की ओर से पाँच लाख रुपये और दिल्ली सरकार की ओर से अतिरिक्त 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा शामिल है।

उन्होंने कहा कि अब तक 46 हजार 963 मरीज इस योजना के तहत इलाज का लाभ उठा चुके हैं। वहीं 34 हजार 715 क्लेम के माध्यम से 86.22 करोड़ रुपये का निपटारा किया गया है। इससे मरीजों और उनके परिवारों पर इलाज का आर्थिक बोझ कम हुआ है। दिल्ली में इस योजना के प्रभावी संचालन के लिए 233 अस्पतालों का नेटवर्क तैयार किया गया है, जिनमें 181 निजी और 52 सरकारी अस्पताल शामिल हैं। ये अस्पताल लाभार्थियों को विभिन्न चिकित्सा सेवाओं में गुणवत्तापूर्ण और कैशलेस इलाज उपलब्ध करा रहे हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि ‘आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना’ राजधानी में सुलभ स्वास्थ्य सेवा का मजबूत स्तंभ बनकर उभर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का विशेष ध्यान हर पात्र नागरिक तक समय पर उपचार, व्यापक जागरूकता और मजबूत स्वास्थ्य नेटवर्क के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने पर है। उन्होंने मौजूदा हीटवेव की स्थिति को देखते हुए अस्पतालों की तैयारियों की भी समीक्षा की और कहा कि दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

.....

Next Post

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए आवेदन आमंत्रित

Wed May 27 , 2026
नयी दिल्ली, 27 मई (वार्ता) शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार (उच्च शिक्षण संस्थान एवं पॉलिटेक्निक) 2026 के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं। शिक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि यह आवेदन राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किए जाएंगे। इस पुरस्कार के लिए अखिल […]

You May Like