इस्लामाबाद, 20 मई (वार्ता) पाकिस्तान सरकार ने सेना अध्यक्ष जनरल सैयद आसिम मुनीर की पदोन्नति कर उन्हें फील्ड मार्शल बना दिया है।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई संघीय मंत्रिमंडल की बैठक में इससे संबंधित प्रस्ताव को
मंजूरी दी गयी। यह निर्णय भारत के साथ हुये सैन्य टकराव के बाद लिया गया है। मंत्रिमंडल के अनुसार जनरल मुनीर की पदोन्नति उनके उत्कृष्ट सैन्य नेतृत्व, बहादुरी और पाकिस्तान की संप्रभुता एवं प्रादेशिक अखंडता के प्रति प्रतिबद्धता के मद्देनजर की गयी है।
मंत्रिमंडल ने वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल जहीर अहमद बाबर सिधू की सेवाओं और नेतृत्व क्षमता को मान्यता देते हुये उनका कार्यकाल बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण फैसला लिया है।
मंत्रिमंडल ने बैठक में पांच सूत्री कार्यसूची पर भी विचार-विमर्श किया। इसमें देश की संपूर्ण राजनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा स्थिति शामिल है। बैठक में अगले वित्तीय वर्ष के बजट प्रस्तावों पर भी विचार किया गया।
जनरल मुनीर को फील्ड मार्शल के रैंक में पदोन्नति देना पाकिस्तान के इतिहास में एक विरला फैसला है। समझा जाता है कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी से भेंट कर उन्हें सेना प्रमुख को पदोन्नति देने के संबध में लिए जाने वाले फैसले पर विश्वास में लिया था।
मंत्रिमंडल ने एलान किया है कि भारत के विरुद्ध हाल के सैन्य अभियान के दौरान अपनी सेवायें देने वालों को उच्च स्तरीय राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा जायेगा। इसके साथ ही अधिकारियों, सैनिकों, शहीदों, सेवानिवृत्त योद्धाओं और राष्ट्रीय हितों के लिये योगदान देने वाले विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को भी उनकी सेवाओं के लिये सम्मानित किया जायेगा।
