पुलिस पेट्रोल पंप से ईंधन की हेराफेरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार

बैतूल। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस पेट्रोल पंप से पेट्रोल की हेराफेरी कर अवैध रूप से बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार 17 मार्च को पुलिस पेट्रोल पंप में पदस्थ प्रधान आरक्षक सुखलाल उइके ने थाना गंज में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि इंडियन ऑयल डिपो इटारसी से पेट्रोल-डीजल लाने वाले टैंकर चालक रामपाल पन्द्राम और परिचालक राकेश पन्द्राम ने पूरा ईंधन टैंक में नहीं डाला और करीब 2560 लीटर पेट्रोल अपने कब्जे में रख लिया।

मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई और वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया, जिन्होंने पूछताछ में पेट्रोल को अवैध रूप से बेचने के लिए अन्य आरोपियों को सौंपने की बात स्वीकार की।

इसके बाद पुलिस ने खाखरापुरा गांव में दबिश देकर कमलेश बेलवंशी और पप्पू उर्फ विजय उइके को भी गिरफ्तार कर लिया। मौके से एक महिन्द्रा पिकअप वाहन और आठ प्लास्टिक टंकियों में भरा कुल 2005 लीटर पेट्रोल बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि पेट्रोल-डीजल की हेराफेरी या अवैध व्यापार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

Next Post

छतरपुर में विक्रमोत्सव 2026 का आगाज, सूर्य उपासना और नाट्य प्रस्तुति से गूँजा ऑडिटोरियम

Thu Mar 19 , 2026
छतरपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में पूरे प्रदेश के साथ-साथ छतरपुर में भी ‘विक्रमोत्सव 2026’ के अंतर्गत जिला स्तरीय सूर्य उपासना कार्यक्रम का गरिमामयी आयोजन किया गया। शहर के ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, इतिहास और धार्मिक परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला। दिग्गज […]

You May Like