ग्वालियर में मध्यान्ह भोजन बनाने वाली संस्थाओं का निरीक्षण, नोटिस जारी करने की तैयारी

ग्वालियर: खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिले के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन तैयार करने और वितरित करने वाली दो केंद्रीकृत संस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक संस्था के स्टोर रूम में खाद्य सामग्री के उचित भंडारण की कमी पाई गई। यहां फर्श पर रखे चावल में गंदगी मिली। खाद्य सुरक्षा अधिकारी लोकेन्द्र सिंह, राजेश कुमार गुप्ता, आनंद प्रकाश शर्मा, निरुपमा शर्मा एवं लखनलाल कोरी की टीम ने यह कार्रवाई की।
वर्णिता महिला मंडल के स्टोर रूम में मिली अनियमितता
खाद्य सुरक्षा टीम ने शिवपुरी लिंक रोड स्थित बालाजी फार्म हाउस में संचालित वर्णिता महिला मंडल का निरीक्षण किया। यहां प्रभारी हितेश राय और प्रोपराइटर मंजुला साहू से संबंधित संस्था में सूजी का हलवा, आलू-छोले की सब्जी, अरहर की दाल, चावल, धनिया पाउडर, मिर्च पाउडर और जीरा के नमूने लिए गए।
निरीक्षण के दौरान स्टोर रूम में खाद्य सामग्री का उचित भंडारण नहीं पाया गया। चावल फर्श पर फैले हुए थे और उनमें गंदगी मिली। इस मामले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत धारा 32 में नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी संस्था से भी लिए नमूने
खाद्य सुरक्षा टीम ने स्टोन पार्क, पुरानी छावनी स्थित श्रीमती सुशीला देवी दीक्षित शिक्षा एवं समाज कल्याण महिला मंडल समिति का भी निरीक्षण किया। यहां प्रबंधक अतुल दीक्षित और प्रोपराइटर श्रीमती उपमा दीक्षित से संबंधित संस्था की रसोई से आलू-छोले की सब्जी, सूजी का हलवा, रिफाइंड सोयाबीन तेल और लाल मिर्च पाउडर के नमूने लिए गए।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, दोनों संस्थाओं से लिए गए खाद्य नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

"सेवा संकल्प अभियान: आलीराजपुर पुलिस ने स्कूली बच्चों को साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक"

Wed Oct 14 , 2026
आलीराजपुर: जिला पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह के निर्देशन, अति0पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति उमठ तथा एसडीओपी शक्ति सिंह चौहान के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे “सेवा संकल्प अभियान” के तहत आज दिनांक 13 अक्टूबर 2026 को जिला मुख्यालय पर छात्र-छात्राओं को डिजिटल सुरक्षा एवं सड़क सुरक्षा के प्रति सजग करने […]

You May Like

Play sound