अंबाला में दूषित पेयजल से बच्ची की मौत पर एनएचआरसी का स्वत: संज्ञान

नयी दिल्ली, 06 अगस्त (वार्ता) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने हरियाणा के अंबाला जिले के शाहजादपुर में दूषित पेयजल के सेवन से पीलिया होने के कारण 12 वर्षीय बच्ची की मौत के मामले का स्वत: संज्ञान लिया है। एनएचआरसी ने गुरुवार को बताया कि आयोग ने मामले को गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन से जुड़ा मानते हुए हरियाणा के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। आयोग ने कहा कि मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शाहजादपुर क्षेत्र में सार्वजनिक नल से आपूर्ति किया जा रहा पेयजल दूषित है, जिसके कारण एक बच्ची की मौत हो गयी, जबकि कई अन्य बच्चे भी पीलिया से संक्रमित पाये गये हैं। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में दूषित पानी की आपूर्ति लंबे समय से हो रही है।

आयोग ने अपने नोटिस में मुख्य सचिव से उपचाराधीन बच्चों की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति, उन्हें उपलब्ध करायी जा रही चिकित्सा सुविधाओं तथा दूषित जलापूर्ति की समस्या के समाधान के लिए प्रशासन द्वारा उठाये गये कदमों की विस्तृत जानकारी मांगी है। आयोग ने स्पष्ट किया कि यदि मीडिया रिपोर्ट में वर्णित तथ्य सही हैं, तो यह नागरिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षित पेयजल के अधिकार से जुड़ा गंभीर मानवाधिकार का मामला है। उल्लेखनीय है कि तीन अगस्त को प्रकाशित खबर में बताया गया था कि 12 वर्षीय बच्ची का पहले स्थानीय अस्पताल में पीलिया का इलाज किया गया था। हालत बिगड़ने पर उसे पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गयी। मामले को देखते हुए एनएचआरसी ने राज्य सरकार से शीघ्र कार्रवाई और विस्तृत तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।

.....

Next Post

लापता तीसरी कक्षा की छात्रा का जंगल में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

Thu Aug 6 , 2026
नरसिंहपुर के गोटेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम गौरतला में तीसरी कक्षा की एक छात्रा का शव जंगल में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बच्ची स्कूल जाने के बाद लापता हो गई थी, जिसके बाद पुलिस और परिजनों ने पूरी रात उसकी तलाश की। देर रात जंगल में उसका […]

You May Like