
ग्वालियर। राजधानी दिल्ली में चल रहे राजनीतिक प्रदर्शनों और बिगड़ी कानून व्यवस्था का असर अब ग्वालियर-चंबल अंचल के रेल यात्रियों पर पड़ने लगा है। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए रेलवे प्रशासन द्वारा ऐन वक्त पर ट्रेनों को रद्द और पुनर्निर्धारित किए जाने से ग्वालियर स्टेशन पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे द्वारा मध्य प्रदेश के मालवा-निमाड़ और रतलाम मंडल से दिल्ली जाने वाली महत्वपूर्ण ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है, जिसका असर ग्वालियर-झांसी-दिल्ली मुख्य मार्ग पर भी दिख रहा है। रोजाना दिल्ली की ओर सफर करने वाले नौकरीपेशा, व्यापारी और इलाज के लिए जाने वाले मरीजों की योजनाएं चरमरा गई हैं।
रद्द ट्रेनें: गाड़ी संख्या 20155 डॉ. अम्बेडकर नगर-नई दिल्ली एक्सप्रेस, 09309 इंदौर-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल, 12415 इंदौर-नई दिल्ली सुपरफास्ट और 12247 बांद्रा टर्मिनस-हजरत निजामुद्दीन युवा एक्सप्रेस शामिल हैं।
देरी से चल रही ट्रेनें: 12951 मुंबई सेंट्रल-नई दिल्ली तेजस राजधानी 5 घंटे और 12953 अगस्त क्रांति एक्सप्रेस 5 घंटे की देरी से चल रही है।
ग्वालियर स्टेशन पर पूछताछ और आरक्षण खिड़कियों पर लंबी कतारें हैं। वहीं दिल्ली पहुंचे एक हवाई यात्री ने एयरपोर्ट पर गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि फ्लाइट लैंड होने के बाद भी घंटों इंतजार करना पड़ा। यात्री ने कहा कि अगर हर बात पर जनता को बंधक बनाना है तो इंसाफ की उम्मीद बंद कर देनी चाहिए।
