
नेपानगर। पैसा पांच साल में दोगुना करने का झांसा देकर गांव की भोली भाली महिलाओं से लाखों रुपये ठगने का मामला सामने आया है। ग्राम अंबाड़ा की महिलाएं शुक्रवार को नेपानगर थाने शिकायत लेकर पहुंचीं। पीडि़त महिलाओं ने गांव के ही विनोद कुमार पूनमचंद चौकसे पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। मथुरा बाई सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि आरोपी ने 2019 में यह कहकर पैसा लिया था कि यह सरकारी बैंक में जमा हो रहा है और 5 साल में डबल हो जाएगा। किसी से डेढ़ लाख तो किसी से दो से तीन लाख रुपये तक लिए गए। महिलाओं को बैंक का नाम तक नहीं बताया गया। महिलाओं का कहना है कि पांच साल की अवधि पूरी हो गईए लेकिन आज तक एक रुपया भी वापस नहीं मिला। जब पैसा मांगा तो टालमटोल करने लगा। इससे पहले मंगलवार को जनसुनवाई में भी महिलाओं ने कलेक्टर से शिकायत की थी।
जांच के बाद होगी कार्रवाई:-थाना प्रभारी शहाबुद्दीन कुरैशी ने बताया कि अंबाड़ा की महिलाओं की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है, तथ्य सामने आने के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
