
शाजापुर। आगामी शनिवार को कायाकल्प की टीम द्वारा जिला अस्पताल का निरीक्षण होगा, जिसमें सब कुछ संतुलित और व्यवस्थित होने पर जिला अस्पताल को उत्कृष्ट रैकिंग मिल सकती है. इसके लिए गुरूवार को एक विशेष टीम ने दोपहर 12 से 2 बजे के बीच पूरे परिसर और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया. इस दौरान व्यवस्थाओं में सुधार और गंदगी दूर करने के लिए दुकानदारों को कड़ी हिदायत दी गई. निरीक्षण के दौरान टीम ने अस्पताल के बाहर फल बेचने वालों को केवल ताजे फल रखने और अपनी दुकानों के पास डस्टबिन रखने के निर्देश दिए, अस्पताल की बाउंड्री से सटी चाय और नाश्ते की दुकानों पर विशेष सख्ती दिखाई गई, दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि वे बीड़ी, सिगरेट या तंबाकू जैसे मादक पदार्थ बिल्कुल न रखें. अस्पताल के आसपास नशे की सामग्री बेचना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, टीम ने मेडिकल स्टोर संचालकों को निर्देश दिए कि वे अपनी दुकानों पर स्पष्ट बोर्ड लगाएं कि बिना डॉक्टर की पर्ची के दवाइयां नहीं दी जाएंगी, इसके अलावा अस्पताल के सुलभ शौचालयों में साफ.सफाई की कमी पाए जाने पर नाराजगी जताई गई और उन्हें तत्काल दुरुस्त करने को कहा गया.
उत्कृष्ट रैंकिंग पर प्रबंधन का जोर
जिला अस्पताल के डॉ. शुभम गुप्ता ने बताया कि कायाकल्प मूल्यांकन के मानकों के आधार पर अस्पताल की स्वच्छता और सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है, अस्पताल प्रबंधन की कोशिश है कि इस बार निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं इतनी पुख्ता हों कि जिला अस्पताल को रैंकिंग में उत्कृष्ट स्थान मिल सके.
