अमर शहीदों के सम्मान में 47 हजार किमी की साइकिल यात्रा नीमच पहुंचा जज्बे का सैलाब

नीमच। देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा उनके परिवारों को सम्मान और आर्थिक सहयोग दिलाने के उद्देश्य से निकली विश्व की सबसे लंबी साइकिल यात्रा बुधवार को नीमच पहुँची। लगभग 47,000 किलोमीटर लंबी यह राष्ट्र समर्पित यात्रा 900 दिनों में देश के अधिकांश राज्यों से होकर गुजरेगी और 7 जून 2027 को उत्तर प्रदेश के देवरिया में संपन्न होगी।

देवरिया से प्रारंभ हुई इस महायात्रा को युवा साइकिलिस्ट अभिषेक द्वारा अंजाम दिया जा रहा है। सीमित संसाधनों के बावजूद वे बिना किसी निजी आर्थिक सहायता के यह संकल्प यात्रा कर रहे हैं। अभिषेक ने बताया कि यह अभियान शहीदों के प्रति कृतज्ञता और उनके परिवारों के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।

इस यात्रा के माध्यम से शहीद एवं सेवानिवृत्त सैनिक परिवारों से जुड़े छह प्रमुख मुद्दों को उजागर किया जा रहा है। इनमें शहीद सैनिकों, सेवानिवृत्त अधिकारियों और सैन्य कर्मियों को ‘सम्मान कार्ड’ प्रदान करने की मांग प्रमुख है।

इसके अलावा, ‘शहीद सैनिक सम्मान’ पहल के तहत कक्षा 12वीं में 85 प्रतिशत या अधिक अंक प्राप्त करने वाले शहीदों के बच्चों को विश्वस्तरीय शिक्षा सहायता देने का प्रस्ताव रखा गया है।

वहीं ‘शहीद बल सम्मान योजना’ के अंतर्गत शहीद सैनिकों की बेटियों के विवाह हेतु राज्य व केंद्र सरकार द्वारा संयुक्त रूप से 20 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की मांग भी शामिल है।

नीमच आगमन पर स्थानीय नागरिकों एवं संगठनों द्वारा अभिषेक का स्वागत कर इस प्रेरणादायी पहल को समर्थन दिया गया। उन्होंने देशवासियों से इस जनअभियान से जुडऩे और शहीद परिवारों के सहयोग में सहभागी बनने की अपील की।

Next Post

ऊर्जा मंत्री ने किये मां शारदा देवी के दर्शन

Thu Feb 26 , 2026
सतना/मैहर। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने गुरूवार को मैहर जिले के प्रवास के दौरान मां शारदा देवी के दर्शन कर पूजा अर्चना की। मंत्री श्री तोमर ने प्रदेश वासियों की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। इस मौके पर जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। किये भगवान कामतानाथ के दर्शन […]

You May Like