वाशिंगटन, 20 मई (वार्ता) अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने यह चौंकाने वाला दावा किया है कि कुछ यूरोपीय देश रूस-यूक्रेन युद्ध जारी रखना चाहते हैं।
व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा आयोजित एक औपचारिक रात्रिभोज में केनेडी सेंटर के ट्रस्टियों को संबोधित करते हुए श्री रुबियो ने इस संबंध में रोम की हालिया यात्रा के दौरान एक कार्डिनल से हुई एक बातचीत का उल्लेख किया।आरआईए नोवोस्ती की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने एक कार्डिनल को उद्धृत करते हुए कहा, यह हमारे लिए बहुत ही असामान्य बात है। हमारे पास एक अमेरिकी राष्ट्रपति हैं जो शांति चाहते हैं और कुछ यूरोपीय लोग हैं जो लगातार युद्ध की बातें करते हैं।
श्री रूबियो ने कहा कि कुछ यूरोपीय हस्तियां दुनिया को अलग नजर से देखती है। राष्ट्रपति ट्रंप बड़े रक्षा व्यय में कमी करते हुए ऐसे खर्च को आर्थिक विकास में लगाने की वकालत करते हैं। श्री रुबियो की टिप्पणियां वर्तमान में चल रहे युद्ध से निपटने के पश्चिमी गठबंधन में कथित विभाजन की ओर इशारा करती है।
एक ओर ट्रंप प्रशासन के अंतर्गत अमेरिका अक्सर संघर्षों को कम करने और सैन्य खर्च में कमी लाने की इच्छा व्यक्त करता रहा है, वहीं कुछ यूरोपीय देश, विशेष रूप से जो संघर्ष क्षेत्र के भौगोलिक रूप से नजदीक हैं, ने युद्ध के प्रति दृढ़ रुख अपनाया हुआ है। वे यूक्रेन को निरंतर मजबूत सैन्य सहायता प्रदान करने और यूक्रेनी क्षेत्र में रूस के बढ़ने के खिलाफ एक मजबूत रक्षा रुख की वकालत करते हैं।
रूसी राष्ट्रपति पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के बीच हाल की बातचीत और श्री रुबियो की टिप्पणियां, रूस-यूक्रेन युद्ध पर एकीकृत पश्चिमी मोर्चे में संभावित बदलाव का संकेत देती हैं।
राष्ट्रपति ट्रंप की रक्षा बजट में कमी की निरंतर वकालत कुछ यूरोपीय नेताओं की सैन्य निवेश बढ़ाने की मांग के साथ स्पष्ट रूप से विरोधाभास को दर्शाती है। यह स्थिति वैश्विक स्तर पर गठबंधनों एवं रणनीतिक प्राथमिकताओं को नया आकार देने तथा विभिन्न विचारों को अंतरराष्ट्रीय संवाद के केंद्र में लाती है।
