गर्मी से पहले प्रशासन अलर्ट: हर गांव के लिए बनेगी पेयजल कार्ययोजना

बैतूल। बैतूल जिले में आगामी ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक गांव के लिए प्रभावी पेयजल कार्ययोजना तैयार कर निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि गर्मी के दौरान नागरिकों को जल संकट का सामना नहीं करना चाहिए और लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की नल-जल योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी एकल ग्राम नल-जल योजनाओं को शीघ्र हर घर जल घोषित करने की प्रक्रिया पूर्ण की जाए। जनपद सीईओ और मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को जल प्रबंधन की नियमित मॉनिटरिंग कर किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में संकल्प से समाधान अभियान के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, श्रम योगी मानधन योजना और प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना की प्रगति की समीक्षा कर लंबित मामलों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान राजस्व, खनिज, परिवहन और पंजीयन विभागों को निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि योजनाओं के लिए मिले वित्तीय आवंटन में लापरवाही या राशि लैप्स होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में फायर स्टेशन के लिए भूमि आवंटन, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, किसानों के फॉर्मर आईडी निर्माण, आधार नामांकन और औद्योगिक विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने गुड क्लस्टर, कड़ाई वुडन क्लस्टर और मोही औद्योगिक क्षेत्र के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अक्षत जैन, संयुक्त कलेक्टर मकसूद अहमद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

थाना गंज पुलिस की मुस्तैदी: अपहरण के 48 घंटे के भीतर सकुशल मिला मासूम

Mon Feb 23 , 2026
बैतूल। थाना गंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत नाबालिग बालक को महज 48 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस कार्रवाई से पुलिस की तत्परता और तकनीकी दक्षता का परिचय मिला है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 फरवरी 2026 को ग्राम केलापुर निवासी […]

You May Like

मनोरंजन