
सिंगरौली । जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से जिला स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुधांशु मिश्रा , राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरगवां का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान संस्थागत प्रसव, रिकॉर्ड संधारण तथा मातृ स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित कार्यों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिस पर संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पीएचसी बरगवां में माह अप्रैल से आज 30 जून तक हुए 94 संस्थागत प्रसवों की ऑनलाइन एंट्री आउटसोर्स डाटा एंट्री ऑपरेटर शीला साहू द्वारा लंबित रखी गई है। डाटा एंट्री ऑपरेटर को अंतिम चेतावनी दी गई है। निरीक्षण के दौरान लेबर रूम एवं मातृ स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित अभिलेखों की जांच में नर्सिंग अधिकारियों करूणा पटेल, अंजू सोनी, मीरा शाह एवं उर्मिला साहू द्वारा रिकॉर्ड संधारण में भी कई विसंगतियां पाई गईं। निरीक्षण के दौरान कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित नर्सिंग अधिकारियों को दो दिवस के भीतर कारण बताओ नोटिस का जवाब प्रस्तुत करने के निर्देशित किया। निर्धारित समयावधि में संतोषजनक जवाब प्राप्त न होने की स्थिति में संबंधितों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
