
बैतूल। थाना गंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत नाबालिग बालक को महज 48 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस कार्रवाई से पुलिस की तत्परता और तकनीकी दक्षता का परिचय मिला है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 फरवरी 2026 को ग्राम केलापुर निवासी भूयसिंह राजपूत (42) ने थाना गंज में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति उसके भाई दिलीप सौर के नाबालिग पुत्र को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना गंज में अपराध क्रमांक 41/26 धारा 137(2) बीएनएस 2023 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, साइबर विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की सहायता से लगातार प्रयास किए।
पुलिस की सक्रियता का परिणाम रहा कि 22 फरवरी 2026 को बालक को सकुशल बरामद कर लिया गया और उसे परिजनों को सौंप दिया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक नीरज पाल, उप निरीक्षक राज पहाड़े सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने सभी थाना प्रभारियों को नाबालिगों से जुड़े मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या डायल 112 पर देने की अपील की है।
