जबलपुर:सिविल लाइंस थाना अंतर्गत पचपेढ़ी स्थित रानी दुर्गावती कैंप निवासी युवक को जालसाज ने ऑनलाइन गंभीर परिणाम भुगतने और चोट पहुँचाने की धमकी दी। आरोपी ने पीड़ित के मन में इस कदर डर पैदा कर दिया कि उसने झांसे में आकर कुल 3,02,006 रुपये गंवा दिए। पुलिस ने शिकायत मिलते ही मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।सिविल लाइंस पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पचपेढ़ी स्थित रानी दुर्गावती कैंप के निवासी शोभाराम मेहरा (45) से अज्ञात ठग ने से संपर्क किया था।
उसने पीड़ित को किसी मामले में फंसाने या शारीरिक चोट पहुँचाने का डर दिखाया। जब पीड़ित बुरी तरह डर गया, तो आरोपी ने मामला रफा-दफा करने या खुद को बचाने के एवज में रुपयों की मांग की। डर के साए में पीड़ित ने अलग-अलग किस्तों में कुल 3 लाख 2 हजार 6 रुपये आरोपी के बताए खातों में भेज दिए। जब उसे ठगी का अहसास हुआ, तब पीड़ित ने थाने पहुँचकर अपने साथ हुई आपबीती सुनाई। शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब साइबर सेल की मदद से उस अज्ञात नंबर और बैंक खातों की कड़ियों को जोड़ रही है, जिसमें रकम ट्रांसफर की गई है।
फ्रिज सुधारने के नाम पर ऐप डाउनलोड कराकर खातों से उड़ाए 1.90 लाख
बेलखेड़ा थाना अंतर्गत ग्राम हिनोतिया में एक जालसाज ने फ्रिज ठीक करने के बहाने मोबाइल पर वायरस वाली फाइल इंस्टॉल करवा दी। इसके बाद पलक झपकते ही पति और पत्नी के दो अलग-अलग बैंक खातों से कुल 1 लाख 90 हजार रुपये साफ कर दिए।पुलिस के मुताबिक, हिनोतिया निवासी 44 वर्षीय गिरिराज सिंह ठाकुर के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने बेहद पेशेवर अंदाज में बात करते हुए कहा कि वह उनके घर पर फ्रिज सुधारने के लिए मैकेनिक भेज रहा है। इसके बाद उसने व्हाट्सएप पर एक एपीके फाइल भेजी और कहा कि इसे डाउनलोड करने के बाद ही इंजीनियर उनकी सही लोकेशन पर पहुँच पाएगा।
गिरिराज सिंह ने जैसे ही उस अज्ञात फाइल को अपने फोन में डाउनलोड किया, शातिर हैकर ने उनके पूरे फोन का एक्सेस अपने हाथ में ले लिया। कुछ ही मिनटों बाद पीड़ित के मोबाइल पर धड़ाधड़ मैसेज गिरने लगे। ठग ने सबसे पहले गिरिराज के पाटन स्थित एसबीआई खाते से 90 हजार रुपये निकाले और फिर दूसरी बार में 10 हजार रुपये पार कर दिए। इसके तुरंत बाद, ठगों ने उसी फोन में लिंक उनकी पत्नी के पाटन एसबीआई खाते में भी सेंध लगा दी और वहाँ से भी 90 हजार रुपये उड़ा लिए। दोनों के खातों से कुल 1,90,000 रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई।
