न्यूयार्क, 29 जुलाई (वार्ता) अमेरिका के न्यूयार्क के मैनहट्टन इलाके में एक शख्स ने अंधाधुंध गोलियां चला कर चार लोगों की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली।
पुलिस सूत्रों के अनुसार एक बंदूकधारी यहां मैनहट्टन की एक गगनचुंबी इमारत की 33 वीं मंजिल पर पहुंच गया और चार लोगों की हत्या करने के बाद फिर खुद को गोली मार ली ।
मारे गए चार पीड़ितों में से एक की पहचान न्यूयॉर्क पुलिस अधिकारी दीदारुल इस्लाम (36) के रुप में की गई है। वह बांग्लादेश से अमेरिका आया था और वह लगभग साढ़े तीन चार साल से पुलिस विभाग में था। घटना के समय वह डयूटी पर नहीं था और वह अपने परिवार के साथ था। मारे गए अन्य लोगों में दो पुरुष और एक महिला के बारे में बहुत कम जानकारी मिली है। इस गोलीबारी में एक आदमी बुरी तरह जख्मी है और उसे अस्पताल भेजा गया है।
बंदूकधारी की पहचान लास वेगास निवासी शेन तमुरा (27) के रूप में हुई है। वह मानसिक रोगी था और हाल के दिनों में यहां आया था। अभी तक ऐसा माना जा रहा है कि बंदूकधारी ने अकेले ही यह काम किया और जाँचकर्ताओं को अभी तक गोलीबारी के संभावित मकसद का पता नहीं चल पाया है।

