दसवीं की समाप्त, बारहवीं की जारी
जबलपुर: माध्यमिक शिक्षा मंडल 10 वीं और 12 वीं के नतीजे घोषित होने के बाद जिन स्टूडेंट्स ने इस साल परीक्षा नहीं दी या फिर इस परीक्षा में अपने नंबरों से खुश नहीं है या एग्जाम में फेल हो गए थे, उनकी दोबारा परीक्षाएं 17 जून से शुरू हो गई थी, जिसमें 26 जून को दसवीं की बोर्ड परीक्षा सामाजिक विज्ञान के पेपर के साथ समाप्त हो चुकी है। इसी क्रम में शुक्रवार को बारहवीं के 475 विद्यार्थियों ने बायोलॉजी की परीक्षा दी।
सहायक संचालक आर के बधान से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को बारहवीं कक्षा में बायोलॉजी के पेपर के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 40 केंद्र बनाए गए थे, जिसमें कुल 487 विद्यार्थियों में से 475 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 12 विद्यार्थी अनुपस्थित थे। परीक्षा में सबसे दिलचस्प बात यह है कि इसके लिए 40 केंद्रों में से 25 शहरी और 15 ग्रामीण क्षेत्र में स्थापित किए गए थे। शुक्रवार को हुए बायोलॉजी की परीक्षा में ग्रामीण क्षेत्र से एक भी विद्यार्थी अनुपस्थित नहीं था, जबकि जो 12 विद्यार्थी अनुपस्थित थे, वह शहरी क्षेत्र से थे।
