सियोल, 29 जुलाई (वार्ता ) उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने सीमा पर तनाव कम करने के लिए दक्षिण कोरिया के हाल ही में उठाए कदमों के बावजूद कहा है कि यह देश उनके मुल्क का “शत्रु” बना हुआ है।
सुश्री किम को उत्तर कोरिया में ताकतवर शख्सियत के रुप में देखा जाता है।
संवाद समिति ‘केसीएनए’ के कल जारी एक बयान में सुश्री किम ने कहा कि उत्तर कोरिया को दक्षिण कोरिया के साथ बातचीत में “कोई दिलचस्पी नहीं” है, चाहे कोई भी प्रस्ताव पेश किया जाए। उनकी यह टिप्पणी गत जून में नई दक्षिण कोरियाई सरकार के कार्यभार संभालने के बाद उत्तर कोरिया की पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया है। उत्तर कोरिया, दक्षिण कोरिया के अमेरिका के साथ सैन्य गठबंधन को कोरियाई प्रायद्वीप के दक्षिणी हिस्से को “कलंकित” करने की तरह देखता है।
सुश्री किम ने कहा,“ नए दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति के अमेरिकी गठबंधन की पुनः पुष्टि से पता चलता है कि उत्तर-दक्षिण संबंधों में सुधार की कोई संभावना नहीं है। दुश्मन के बारे में हमारी समझ में कोई बदलाव नहीं हो सकता है। वे इतिहास की घड़ी की सुइयों को पीछे नहीं मोड़ सकते।”

